हल्द्वानी: नशेड़ियों ने चार कॉलोनियों के लोगों का जीना किया मुहाल, थाने पहुंचकर सुनाई पीड़ा
हल्द्वानी, अमृत विचार। साहब, नशेड़ियों के चलते बेटियों- महिलाओं का घर से निकलना दूभर हो गया है। चंबल पुल से कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर निर्माणाधीन पार्क के पास सुबह से देर रात नशेड़ी जुट जाते हैं। ऐसे में क्षेत्र के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। लंबे समय से नशे के खिलाफ …
हल्द्वानी, अमृत विचार। साहब, नशेड़ियों के चलते बेटियों- महिलाओं का घर से निकलना दूभर हो गया है। चंबल पुल से कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर निर्माणाधीन पार्क के पास सुबह से देर रात नशेड़ी जुट जाते हैं। ऐसे में क्षेत्र के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है।

लंबे समय से नशे के खिलाफ एकजुट होकर आवाज बुलंद कर रहे बिष्टधड़ा बिठौरिया नंबर एक के निर्मल विहार, लक्ष्मी विहार, रतन पुरम और जीना कॉलोनी के लोगों ने यह पीड़ा शनिवार को मुखानी थानाध्यक्ष कविंद्र शर्मा के सामने रखी। इस दौरान नशेड़ियों से निजात दिलाने और क्षेत्र में पुलिस चौकी की स्थापना की मांग करते हुए थानाध्यक्ष को ज्ञापन भी सौंपा। एसओ ने क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थायी चौकी खोलने का आश्वासन दिया है।
सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश चंद्र गुणवंत के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने बताया कि चंबल पुल क्षेत्र से लगी चार कॉलोनियों के लोग लंबे समय से नशेड़ियों के चलते मानसिक परेशानी का सामना कर रहे हैं। यहां निर्माणाधीन पार्क नशेड़ियों का गढ़ बन गया है। मजबूरन कॉलोनी की महिलाओं और पुरुषों को रात्रि गश्त करनी पड़ती है। कई बार पुलिस को सूचित भी किया गया लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। इस मौके पर बसंती अधिकारी, गिरीश, विपिन बहुगुणा, गोविंदी बिष्ट, निर्मला तिवारी, पुष्कर तिवारी, हिमांशु बिष्ट, हिमांशु भंडारी आदि रहे।
पार्षद ने मजदूर भेजकर कटवाईं झाड़ियां
सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश चंद्र गुणवंत ने बताया कि चंबल पुल से कॉलोनियों के मुख्य मार्ग और निर्माणाधीन पार्क के पास झाड़ियां उगी हुई थीं। जिनकी ओट लेकर नशेड़ी नशा करते थे। शनिवार को पार्षद गोपाल सिंह बिष्ट ने मजदूर भेजकर झाड़ियों को कटवाया। इस दौरान लोगों ने पार्षद से क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगवाने और क्षतिग्रस्त सड़क को सुधारने की मांग की।
