हल्द्वानीः अनुबंध खत्म, अब सीनाजोरी के साथ चल रहे मेडिकल स्टोर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। राजकीय मेडिकल कॉलेज के अधीन अस्पतालों में संचालित होने वाले मेडिकल स्टोरों का अनुबंध एक नवंबर को खत्म हो गया है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि इन मेडिकल स्टोरों से दवा खरीदने पर अस्पतालों की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी। इधर किराया नहीं देने के बाद भी …

हल्द्वानी, अमृत विचार। राजकीय मेडिकल कॉलेज के अधीन अस्पतालों में संचालित होने वाले मेडिकल स्टोरों का अनुबंध एक नवंबर को खत्म हो गया है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि इन मेडिकल स्टोरों से दवा खरीदने पर अस्पतालों की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी। इधर किराया नहीं देने के बाद भी मेडिकल स्टोरों का संचालन बेधड़क जारी है।

मेडिकल कॉलेज के साथ अनुबंध के आधार पर वैंटेज बायोटेक फर्म तीन मेडिकल स्टोरों का संचालन करती है। इनमें एक मेडिकल स्टोर एसटीएच के अंदर दूसरा बाहर और तीसरा स्वामी राम कैंसर इंस्टीयूट के परिसर में है। इस फर्म का मेडिकल कॉलेज के साथ एक अक्टूबर 2018 से 31 अक्टूबर 2021 तक संचालन किया जाना तय हुआ था। इस दौरान मेडिकल स्टोर चलाए जाने के एवज में मेडिकल कॉलेज को किराया भी नहीं चुकाया गया। अनुमान है कि फर्म को मेडिकल कॉलेज को करीब 25 करोड़ रुपए का किराया देना है।

किराया वसूली करने के लिए कई बार कागजी और प्रशासनिक कार्यवाही की गई है लेकिन हर बार नतीजा सिफर रहा है। इस बार अनुबंध खत्म होने के बाद से मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट तौर कह दिया है कि इन दुकानों से दवा लेने पर मरीजों की ही जिम्मेदारी होगी और यह सभी मेडिकल स्टोर अवैध तौर पर संचालित हो रहे हैं।

सुशीला तिवारी अस्पताल में अनुबंध के तौर पर वैंटेज बायोटेक फर्म के मेडिकल स्टोर का संचालन हो रहा था। दो नवंबर से इन सभी का संचालन यहां अवैध तरीके से हो रहा है।- डा. सत्यबली, एमएस, सुशीला तिवारी अस्पताल

संबंधित समाचार