हल्द्वानी: एडमिशन के लिए एमबीपीजी कॉलेज में प्रदर्शन, पुलिस से भिड़े छात्र
हल्द्वानी, अमृत विचार। एमबीपीजी कॉलेज में शत प्रतिशत प्रवेश की मांग को लेकर आज दिन भर हंगामा होता रहा। छात्रों ने परिसर में नारेबाजी व धरना प्रदर्शन किया। व्यवस्था संभालने के लिए प्राचार्य को पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी। प्रदर्शन कर रहे छात्र नेताओं पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठी फटकारी। जिसके बाद छात्र आक्रोशित …
हल्द्वानी, अमृत विचार। एमबीपीजी कॉलेज में शत प्रतिशत प्रवेश की मांग को लेकर आज दिन भर हंगामा होता रहा। छात्रों ने परिसर में नारेबाजी व धरना प्रदर्शन किया। व्यवस्था संभालने के लिए प्राचार्य को पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी।
प्रदर्शन कर रहे छात्र नेताओं पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठी फटकारी। जिसके बाद छात्र आक्रोशित हो गए। उन्होंने पुलिस क्षेत्राधिकारी के वाहन को रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच काफी नोकझोक हुई।
सीओ सिटी शांतनु पाराशर के साथ एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र को मोर्चा संभालना पड़ा। बता दें कि एमबीपीजी कॉलेज में सभी छात्रों को प्रवेश देने की मांग को लेकर बीते माह से प्रदर्शन जारी है। जिसमें कॉलेज की ओर से मेरिट के आधार पर प्रवेश देने की प्रक्रिया चल रही थी।
जबकि छात्रों की मांग के आधार पर बची हुई सीटों पर 11 व 12 नवंबर को पहले आओ पहले पाओ के आधार पर प्रवेश की तिथि सुनिश्चित की गई थी। इसी के साथ गौलापार स्थित डिग्री कॉलेज के लिए भी प्रवेश की प्रक्रिया चल रही थी।
गुरुवार को बीएससी व बीकॉम की सभी सीटें एमबीपीजी कॉलेज में फुल हो गई थी और शुक्रवार को सुबह सात बजे से ही बीए में प्रवेश के लिए छात्र छात्राएं कॉलेज पहुंचने लगे। प्रवेश के लिए बीए में रिक्त 266 सीटों पर शुक्रवार को प्रक्रिया शुरू होने के पहले ही हंगामा शुरू हो गया। प्रदर्शन कर रहे छात्र नेताओं का कहना था कि जितने आवेदक हैं, सभी को प्रवेश देना सुनिश्चित किया जाए।
