हल्द्वानी: आपदा से सबक, हर ब्लॉक में बनेंगे हेलीपैड
मनीष तिवारी, अमृत विचार। अक्टूबर महीने में आई आपदा के दौरान पर्वतीय इलाकों में रेस्क्यू को लेकर सरकार को जिन चुनौतियों का सामना करना पड़ा था, उससे सबक लेते हुए मुख्यमंत्री ने जिला पंचायत विभाग को एक बड़ा निर्देश दिया है। वाट्सएप मैसेज के जरिए उन्होंने जिले के सभी ब्लॉक में हेलीपैड बनाने का निर्णय …
मनीष तिवारी, अमृत विचार। अक्टूबर महीने में आई आपदा के दौरान पर्वतीय इलाकों में रेस्क्यू को लेकर सरकार को जिन चुनौतियों का सामना करना पड़ा था, उससे सबक लेते हुए मुख्यमंत्री ने जिला पंचायत विभाग को एक बड़ा निर्देश दिया है।
वाट्सएप मैसेज के जरिए उन्होंने जिले के सभी ब्लॉक में हेलीपैड बनाने का निर्णय लिया है। साथ ही इसके लिए जल्द ही जमीन तलाश कर शासन को रिपोर्ट करने को भी कहा है।डीडीओ के माध्यम से सभी ब्लॉक विकास अधिकारियों को भेजकर कम समय में रिपोर्ट तैयार करने को निर्देशित किया है।
पिछले माह 18 से 19 अक्टूबर को लगातार बारिश होने से पर्वतीय इलाकों में तबाही का मंजर था। नदियां उफान पर थीं तो भूस्खलन से कई मकान जमींदोज हो गए। करीब 30 मौत भी हुईं थीं। रेस्क्यू के लिए सेना के हेलीकाप्टर का प्रयोग किया गया था। इस दौरान हेलीपैड की व्यवस्था न होने से काफी असुविधा रही थी। दो दिन के इस मंजर ने आम लोगों से लेकर सरकार तक को हिला दिया था। दैवीय आपदा के ऐसे प्रकोप को ध्यान में रखते हुए पर्वतीय इलाकों में सुविधाओं को बढ़ाने के लिए सरकार ने काम करना शुरू कर दिया है। सबसे पहले उन्होंने इन इलाकों में हेलीकॉप्टर उतारने की सुविधा को गंभीरता से लिया है। कागजी कार्रवाई में देरी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सोशल मीडिया एप का प्रयोग कर विकास अधिकारियों को सर्वे कर जमीन तलाशने को निर्देशित किया है।
जमीन को लेकर इन बातों का रखेंगे ध्यान
1- चौड़ी व पक्की सड़क
2- समतल जमीन
3- बस्ती इलाकों से दूरी
4- आसपास बिजली या अन्य किसी का टावन न हो
5- वेटिंग लॉज या प्री फब्रिकेटेड बिल्डिंग
6- अंडर ग्राउंड वाटर टैंक्र
7- फायर स्टेशन
नागरिक उड्डयन विभाग व प्रशासन से लेंगे सुझाव
डीडीओ रमा गोस्वामी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद इस पर काम शुरू कर दिया है। नागरिक उड्डयन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों से भी इसको लेकर सुझाव लिए जाएंगे। हल्द्वानी में पहले से ही हेलीपैड है। पर्वतीय क्षेत्रों के ब्लॉकों में जमीन तलाशी जाएगी।
उड़ान योजना के तहत पूर्व में भी हुई थी खोजबीन
उड़ान योजना के तहत एक साल पूर्व जिले में दो स्थानों पर हेलीपैड को लेकर जमीन तलाशी गई थी। जानकारी के अनुसार उस समय नैनीताल के नारायण नगर व दूसरी भीमताल में जगह तलाशी थी। मानकों को लेकर आ रही समस्याओं के चलते योजना पर काम धीमा पड़ गया था।
हर ब्लॉक में हेलीपैड बनने से रेस्क्यू को लेकर हम मजबूत हो सकेंगे। प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए जिले की व्यवस्थाओं को लेकर संसाधन मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। – बेला तोलिया, जिला पंचायत अध्यक्ष
