हल्द्वानी: डाक विभाग की ऑनलाइन प्रसाद डिलीवरी योजना विफल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण के दौर में लोगों का मंदिरों में जाना मुश्किल हो गया था। ऐसे में डाक विभाग ने जून में प्रमुख मंदिरों के प्रसाद को स्पीड पोस्ट द्वारा घर भेजने की व्यवस्था शुरू की थी। इस योजना में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, श्रीसोमनाथ आदि ज्योतिर्लिंग मंदिर का प्रसाद भी श्रद्धालु को …

हल्द्वानी, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण के दौर में लोगों का मंदिरों में जाना मुश्किल हो गया था। ऐसे में डाक विभाग ने जून में प्रमुख मंदिरों के प्रसाद को स्पीड पोस्ट द्वारा घर भेजने की व्यवस्था शुरू की थी। इस योजना में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, श्रीसोमनाथ आदि ज्योतिर्लिंग मंदिर का प्रसाद भी श्रद्धालु को घर बैठे स्पीड पोस्ट से मंगाने की सुविधा दी जा रही थी। लेकिन हल्द्वानी डाक विभाग में यह योजना पूरी तरह विफल हो गई। विभाग की यह योजना एक माह भी नहीं चल पाई।

बता दें कि कोरोनाकाल में श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए सबसे पहले श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट, श्रीसोमनाथ ट्रस्ट ने घर बैठे प्रसाद उपलब्ध कराने के लिए डाक विभाग से समझौता किया था। इस समझौते के तहत कोई भी श्रद्धालु प्रबंधक, श्रीसोमनाथ ट्रस्ट, प्रभास पाटन, जिला- जूनागढ़ को 251 रुपये का ई-मनीऑर्डर कर स्पीड पोस्ट द्वारा प्रसाद मंगा सकता था।

इस ई-मनीऑर्डर पर प्रसाद के लिए बुकिंग’ लिखना जरूरी था। इसके बाद श्रीसोमनाथ ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालु को 400 ग्राम का प्रसाद का पैकेट स्पीड पोस्ट द्वारा भेजा जाता। लेकिन हल्द्वानी डाक विभाग की ओर से लोगों को योजना के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई। जिस कारण विभाग को एक भी ग्राहक नहीं मिला। ग्राहकों की ओर से कोई बुकिंग नहीं होने से विभाग ने एक माह में ही योजना को निरस्त कर दिया।

इस पहल को कोरोना के चलते शुरू किया गया था, लेकिन एक भी व्यक्ति की ओर से प्रसाद की डिमांड नहीं की गई। जिसके चलते हमने योजना को बंद कर दिया। – वाई के बमेटा, पोस्टमास्टर, हल्द्वानी

संबंधित समाचार