हल्द्वानी: एचपी कंपनी से निकाले गए युवाओं ने बूट पॉलिश कर किया प्रदर्शन
हल्द्वानी, अमृत विचार। एचपी इंडिया कंपनी से निकाले जाने के बाद लगातार 81 दिन से श्रमायुक्त कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे कर्मचारियों ने सोमवार को बूट पॉलिश कर विरोध जताया। तिकोनिया चौराहे पर डिवाइडर पर बैठे कर्मचारियों ने श्रम विभाग और मुख्यमंत्री पर उपेक्षा का आरोप लगाया। इसके बाद कर्मचारियों ने बुद्ध पार्क में …
हल्द्वानी, अमृत विचार। एचपी इंडिया कंपनी से निकाले जाने के बाद लगातार 81 दिन से श्रमायुक्त कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे कर्मचारियों ने सोमवार को बूट पॉलिश कर विरोध जताया। तिकोनिया चौराहे पर डिवाइडर पर बैठे कर्मचारियों ने श्रम विभाग और मुख्यमंत्री पर उपेक्षा का आरोप लगाया। इसके बाद कर्मचारियों ने बुद्ध पार्क में बैठक कर आगे की रणनीति बनाई।
एचपी मजदूर संघ के अध्यक्ष विनीत कपिल और महामंत्री भवान सिंह ने बताया कि आंदोलन को अब और अधिक उग्र किया जाएगा,जिसमें सिडकुल की अन्य यूनियन व बेरोजगारों को लेकर क्षेत्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री का घेराव शामिल है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि एचपी कंपनी रुद्रपुर सिडकुल स्थापित अपने प्लांट को बंद करने जा रही हैं जिसके कारण 500 से अधिक अस्थाई और स्थाई श्रमिकों की नौकरी जा रही है। जिससे प्रशिक्षित युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं।

कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी लगातार मुनाफे में चल रही है, उसके बाद भी कंपनी के प्लांट बंद करने का कारण सिर्फ सब्सिडी है। कंपनी ने पहले राज्य सरकार से सब्सिडी लेकर कमाई कर ली और अब जब सब्सिडी का समय खत्म हो गया तो हमारे भविष्य से खिलवाड़ कर प्लांट बंद करने का मन बना लिया।
बूट पॉलिश कर प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को कांग्रेस नेता सुमित ह्रदयेश, उक्रांद उपाध्यक्ष भुवन जोशी, राज्य आंदोलनकारी मोहन पाठक आदि ने समर्थन दिया। इस मौके पर गंगा सिंह, धीरेंद्र मेहरा, विनोद सुयाल, कमल, उमेश बचखेती, मनोज पंतोला , विजेंद पवार, निर्मल पंत, प्रताप सिंह, नरेंद्र सनवाल, हरेंद्र बिष्ट आदि रहे।
