काशीपुर: पत्नी से बिछड़ने के डर से दोस्त ने कर दी दोस्त की हत्या
काशीपुर, अमृत विचार। पत्नी से बिछड़ने के डर से संदीप ने अपने साथी नन्नू के साथ मिलकर अपने ही दोस्त विशाल की पाटल से सिर व हाथ काटकर हत्या कर दी और शव को घटनास्थल से डेढ़ किलोमीटर दूर कीचड़ में दबा दिया और कटे हाथ व सिर को बोरे में डालकर फेंक दिया। थाना …
काशीपुर, अमृत विचार। पत्नी से बिछड़ने के डर से संदीप ने अपने साथी नन्नू के साथ मिलकर अपने ही दोस्त विशाल की पाटल से सिर व हाथ काटकर हत्या कर दी और शव को घटनास्थल से डेढ़ किलोमीटर दूर कीचड़ में दबा दिया और कटे हाथ व सिर को बोरे में डालकर फेंक दिया।
थाना आईटीआई धीमरखेड़ा निवासी विशाल कुमार (21) पुत्र राजकुमार बीती 18 नवंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। विशाल के परिजनों ने थाना आईटीआई में विशाल की गुमशुदगी दर्ज कराते हुए उसके दो दोस्तों पर विशाल को फोन कर बुलाने की बात कही थी। तभी से विशाल अपने घर नहीं लौटा था।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। बुधवार को गुमशुदा युवक का सिर कटा शव यूपी से सटे सीमावर्ती क्षेत्र लोहिया पुल के पास रजपुरा नहर में मिला। युवक का एक हाथ भी गायब था। पुलिस ने शक के आधार पर मृतक के दो दोस्तों को हिरासत में लिया। गुरुवार को एसपी प्रमोद कुमार ने हत्या की घटना खुलासा करते हुए बताया कि मृतक विशाल के दोस्त यूपी के गांव तेलीपुरा थाना टांडा जिला रामपुर निवासी संदीप सिंह व उसके साथी धीमरखेड़ा दीक्षा नगर निवासी सचिन उर्फ नन्नू से पूछताछ करने पर सामने आया कि दोनों विशाल को 18 नवंबर धीमरखेड़ा से ले जाकर रजपुरा डाम ले गए थे।
पूछताछ में संदीप ने बताया कि विशाल ज्यादातर उसके साथ ही रहता था। कुछ दिनों से विशाल उसे नशेड़ी कहकर बदनाम कर रहा था। विशाल ने उसकी पत्नी को कहा कि संदीप नशेड़ी है और वह अच्छा आदमी नहीं है। तुम ने संदीप से शादी कर गलती की है। इससे तो तुम्हारा पूर्व पति ही अच्छा था। इसपर उसका पत्नी से झगड़ा भी हुआ। विशाल की बातों से उसे शक हो गया कि मेरी पत्नी भी मुझे छोड़कर न चली जाए। इससे वह विशाल से चिढ़ने लगा और उसने नन्नू के साथ मिलकर विशाल को मारने की योजना बनाई।
18 नवंबर को विशाल को उसने व नन्नू विशाल को बहाने से धीमरखेड़ा बुलाया और अपनी बाइक में बिठाकर रजपुरा डाम ले गए। जहां दोनों ने मिलकर पाटल से विशाल का बाया हाथ व गला काटकर उसकी हत्या कर दी। उस समय शव को वहीं छुपा दिया। दूसरे दिन रात में नन्नू के साथ आकर शव को डैम से नहर में खींचकर करीब डेढ़ किलोमीटर कीचड़ में दबा दिया। हाथ कपड़े व सिर को वहीं पास में ही बोरे में डालकर फेंक दिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने रजपुरा टांडा गांव में विशाल का कटा सिर बरामद किया। साथ ही आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पाटल व मृतक का मोबाइल भी बरामद किया गया। आरोपियों के खिलाफ धारा 364, 302,201 व 120बी के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है। साथ ही बायां हाथ और कपड़ों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी संदीप साढ़े तीन साल पहले बाइक चोरी में जेल जा चुका है। खुलासा करने वाली टीम में आईटीआई थानाध्यक्ष विद्यादत्त जोशी, एसआई रविंद्र बिष्ट, अमित शर्मा, प्रदीप कुमार, कांस्टेबल कमल पाल, उमेश तोमक्याल, विरेंद्र राणा, कैलाश तोमक्याल, दीपक कठैत, गिरीश कांडपाल आदि शामिल रहे।
