बाजपुर: डीआईजी ने कोतवाली पहुंच ली पूर्व मंत्री के काफिले पर हमले की जानकारी
बाजपुर, अमृत विचार। पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य के काफिले पर हुए हमले के बाद उत्पन्न हुई टकराव की स्थिति को देखते हुए बाजपुर कोतवाली पहुंचे पुलिस उप महानिरीक्षक कुमाऊं नीलेश आनंद भरणे ने पूरे प्रकरण की जानकारी हासिल की। इस दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतने के …
बाजपुर, अमृत विचार। पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य के काफिले पर हुए हमले के बाद उत्पन्न हुई टकराव की स्थिति को देखते हुए बाजपुर कोतवाली पहुंचे पुलिस उप महानिरीक्षक कुमाऊं नीलेश आनंद भरणे ने पूरे प्रकरण की जानकारी हासिल की। इस दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतने के निर्देश मौके पर मौजूद स्थानीय पुलिस अधिकारियों को दिए।
कोतवाली में पत्रकारों से वार्ता करते हुए डीआईजी कुमाऊं नीलेश आनंद भरणे ने कहा कि बहुत बड़ी घटना हो सकती थी, लेकिन मौके पर पुलिस की मौजूदगी व तत्काल सुरक्षात्मक कदम उठा लेने से टल गई है। इस प्रकरण में दोनों पक्षों की ओर से तहरीरें आई थीं जिसमें तत्काल संज्ञान लेते हुए दोनों तरफ से उचित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य की ओर से दर्ज बलवे व एससी-एसटी के मुकदमे की जांच सीओ बाजपुर द्वारा की जा रही है जिसमें सीओ ने अपने निर्देशन में टीम बनाकर स्वयं विवेचना शुरू कर दी गई है। कहा कि उनके द्वारा निर्देशित किया गया है कि इस प्रकरण से संबंधित सीसीटीवी फुटेज ले ली जाएं और निष्पक्ष व सही तरीके से जांच हो तथा कड़े से कड़े कदम उठाए जाएं। कानून व्यवस्था के साथ किसी को खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जा सकती है, जो भी दोषी है उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
चुनाव नजदीक आ रहा है जिसमें इस प्रकार की घटनाओं की प्रबल संभावना बनी रहती है, खासकर तराई में सभाओं के दौरान हमें सुरक्षा की दृष्टि से पूरी तरह सतर्क रहना है। उन्होंने कहा कि बाजपुर में पंजाब के असलाहों को लेकर अक्सर शिकायत रहती है। अवैध असलाहों के खिलाफ आज से अभियान प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं जिसमें पुलिस के साथ ही स्थानीय एलआईयू को सम्मिलित कर संयुक्त टीम बनाकर ज्वाइंट आपरेशन चलाया जाए।
उन्होंने काली शीशे लगीं गाड़ियों की चेकिंग प्राथमिकता के आधार पर करने, ओवरलोडिंग व अवैध खनन पर कार्रवाई करने, कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के निर्देश भी दिए। इस मौके पर सीओ वंदना वर्मा, कोतवाल रमेश तनवार, एसएसआई राहुल राठी, दोराहा चौकी प्रभारी अशोक कांडपाल, बन्नाखेड़ा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह, एसआई भगवान गिरी गोस्वामी, दिनेश परिहार आदि मौजूद थे।
सीओ से ली जांच की प्रगति रिपोर्ट
बाजपुर। पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य के काफिले पर हमले के मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना सीओ वंदना वर्मा द्वारा की जा रही है। डीआईजी नीलेश आनंद भरणे ने सीओ से अब तक की गई कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट ली जिसमें सीओ द्वारा उन्हें बताया गया कि बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है जिसमें सीसीटीवी फुटेज के साथ ही पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, नैनीताल के पूर्व विधायक संजीव आर्य व घटना के वक्त मौजूद रहे अन्य लोगों तथा पुलिस कर्मियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इस पर डीआईजी ने उन्हें विवेचना में और तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
अवैध खनन रोकने को बनेगी टास्क फोर्स
बााजपुर। डीआईजी नीलेश आनंद भरणे ने कहा कि अवैध खनन को रोक पाना पुलिस के लिए एक चुनौती भरा काम होता है, क्योंकि पुलिस के ऊपर कानून व्यवस्था बनाए रखने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है। अवैध खनन को लेकर टास्क फोर्स बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है जिसमें पुलिस, राजस्व, खनन व फोरेस्ट के साथ ही अन्य कई विभागों को शामिल करके टीम बनाई जा रही है, जोकि पूरी ताकत के साथ कार्रवाई को अंजाम देकर अवैध खनन रोकने का काम करेगी। उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही टास्क फोर्स का गठन कर लिया जाएगा।
