रुद्रपुर: दो करोड़ का ऋण लिया और बंधक संपत्ति को बेच भी दिया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। बंधक संपत्ति को बेच कर अल्मोड़ा अर्बन को-आपरेटिव बैंक हल्द्वानी को दो करोड़ रुपए का चूना लगाने का मामला सामने आया है। बैक के वरिष्ठ शाख प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस नागपाल ट्रेडर्स हल्द्वानी के स्वामी के विरुद्ध अमानत में खयानत की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है …

रुद्रपुर, अमृत विचार। बंधक संपत्ति को बेच कर अल्मोड़ा अर्बन को-आपरेटिव बैंक हल्द्वानी को दो करोड़ रुपए का चूना लगाने का मामला सामने आया है। बैक के वरिष्ठ शाख प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस नागपाल ट्रेडर्स हल्द्वानी के स्वामी के विरुद्ध अमानत में खयानत की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि लोन धारक ने बैंक में बंधक बनाई संपत्ति को ऋण लेने के बाद बेच दिय है। किस्त नहीं देने पर हुई जांच के बाद बैंक को संपत्ति खुर्द-बुर्द होने की जानकारी मिली।

मीरा मार्ग हलद्वानी के अर्बन को-आपरेटिव बैंक के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक ने बताया कि 10 नवंबर 2009 को बरेली रोड हल्द्वानी के रनवीर नागपाल ने नागपाल ट्रेडर्स बरेली रोड फर्म के नाम से बैंक से दो करोड़ रुपए का ऋण लिया था। गारंटी के तौर पर रुद्रपुर के गांव फुलसुंगा तहसील किच्छा 0.7860 हेक्टेयर भूमि और रजिस्ट्री-खसरा खतौनी के दस्तावेज रखे थे।

बैंक ने दस्तावेजों को बंधक बनाकर लोन दे दिया था। कुछ माह बाद जब बैंक ने ऋणी बकायेदार रनवीर नागपाल के एनपीए हो चुके खाते में बंधक संपत्ति का भारमुक्त प्रमाण पत्र निकलवाया तो पता चला कि आरोपी ऋण धारक ने बदनीयती से बंधक दस्तावेजों को जमा करने से पहले ही दिखाई गई संपत्ति को विक्रय कर खुर्द-बुर्द कर दिया था और बैंक को गुमराह कर व जालसाजी से संपत्ति को विक्रय कर दिया था।

बैंक के साथ धोखाधड़ी के बाद वरिष्ठ शाखा प्रबंधक मामले की शिकायत 24 फरवरी 2019 को एसएसपी ऊधमसिंह नगर को शिकायती पत्र देकर की। थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस को तहरीर देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। 15 नवंबर 2019 को पुन: ऋण धारक की संपत्ति का ब्योरा देकर ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई।

वर्ष 2019 से वर्ष 2020 तक लॉकडाउन के कारण यह मामला अधर में लटका रहा। बाद में वरिष्ठ शाखा प्रबंधक ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने अमानत में खयानत के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार ने बताया कि बैंक द्वारा दिए गए दस्तावेजों और आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार