हल्द्वानी: 12 लाख रुपये जमा करने से आयोजक ने किये हाथ खड़े
हल्द्वानी, अमृत विचार। मनमानी की नुमाइश में जिसका अंदेशा जताया जा रहा था वही हुआ। 13 दिन नुमाइश चलने के बाद आयोजक ने प्रदर्शनी शुल्क जमा करने से हाथ खड़े कर दिए हैं। उसने नगर निगम से शुल्क में संशोधन करने को कहा है। अब निगम के अधिकारी दोबारा मूल्यांकन कर शुल्क निर्धारित करने में …
हल्द्वानी, अमृत विचार। मनमानी की नुमाइश में जिसका अंदेशा जताया जा रहा था वही हुआ। 13 दिन नुमाइश चलने के बाद आयोजक ने प्रदर्शनी शुल्क जमा करने से हाथ खड़े कर दिए हैं। उसने नगर निगम से शुल्क में संशोधन करने को कहा है। अब निगम के अधिकारी दोबारा मूल्यांकन कर शुल्क निर्धारित करने में लग गए हैं।
एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में 24 नवंबर को प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया था। नगर निगम से बगैर अनुमति के यह नुमाइश शुरू की गई थी। जिन परिस्थितियों में प्रदर्शनी शुरू हुई थी, उससे राजस्व नुकसान को लेकर आशंका जताई जा रही थी। पहले तो निगम को आवेदन ही नहीं किया गया, जब मामले ने तूल पकड़ा तो आयोजक ने यह कार्यवाही आगे बढ़ाई। नगर निगम ने प्रदर्शनी शुल्क के तौर पर 12 लाख रुपये जमा करने के लिए नोटिस जारी किया। बावजूद इसके शुल्क जमा नहीं किया गया।
अब जब लगभग पखवाड़ा बीत गया है तो आयोजक ने शुल्क में संशोधन करने को लेकर निगम अधिकारियों से बात की है। निगम द्वारा निर्धारित किए गए शुल्क पर उसकी आपत्ति आने के बाद अब अधिकारी जल्द ही संशोधन करते हुए दोबारा मूल्यांकन करने की बात कह रहे हैं। जानकारों की मानें तो इस तरह की कार्रवाई में सरकारी तंत्र सुस्ती से काम करता है, जिसका खामियाजा निगम को राजस्व हानि के रूप में भुगतना पड़ता है।
12 लाख रुपये शुल्क निर्धारित करते हुए प्रदर्शनी आयोजक को नोटिस भेजा गया था। उसने इस शुल्क पर आपत्ति जताई है। लिहाजा उसमें संशोधन किया जा रहा है। रिपोर्ट तैयार होने के बाद निर्धारित शुल्क को लेकर दोबारा कार्रवाई की जाएगी।
-पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त
