अल्मोड़ा: रामनगर की ओर रवाना हुई थी बस, खाई में गिरने से बची

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। जिले के सल्ट ब्लॉक में एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। अल्मोड़ा से रामनगर की ओर रवाना हुई एक बस दूसरे वाहन को पास देने के चक्कर में पनुवाद्यौखन के पास सड़क से बाहर हो गई। जिससे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। यात्रियों ने जैसे तैसे खिड़कियों से बाहर …

अल्मोड़ा, अमृत विचार। जिले के सल्ट ब्लॉक में एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। अल्मोड़ा से रामनगर की ओर रवाना हुई एक बस दूसरे वाहन को पास देने के चक्कर में पनुवाद्यौखन के पास सड़क से बाहर हो गई। जिससे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। यात्रियों ने जैसे तैसे खिड़कियों से बाहर निकल अपनी जान बचाई और संयोग से एक बड़ा हादसा टल गया।

केमू की एक बस अल्मोड़ा से रामनगर की ओर रवाना हुई। देर शाम बस भतरौंजखान से आगे तल्ला सल्ट के पनुवाद्यौखन के पास पहुंची ही थी कि चालक ने सामने से आ रहे एक दूसरे वाहन को पास देने का प्रयास किया। लेकिन इस प्रयास में बस का एक हिस्सा सड़क से बाहर हवा में लटक गया। जिससे बस में सवार करीब बीस सवारियों में चीख पुकार मच गई।

चालक ने सूझबूझ का परिचय दिया और वाहन को संभालकर यात्रियों को खिड़की से बाहर उतरने को कहा। जिसके बाद यात्रियों ने जैसे तैसे अपनी जान बचाई। सूचना मिलने के बाद भतरौंजखान थाने से थानाध्यक्ष अनीश अहमद भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सड़क मार्ग के काफी संकरे होने के कारण बस का पहिया पास देते वक्त सड़क से नीचे निकल गया। लेकिन संयोग से बस वहीं पर अटक गई और बड़ा हादसा होने से टल गया। बताया जा रहा है कि जहां पर यह हादसा सामने आया वहां नीचे गहरी खाई है। अगर वाहन खाई में गिरता को बड़ी जनहानि की पूरी संभावना थी। लेकिन संयोग से यह हादसा टल गया और यात्रियों ने राहत की सांस ली है।

संबंधित समाचार