हल्द्वानी: कांग्रेस ने प्रदेश में शुरू किया अभियान, 70 विधानसभा सीटों पर हरीश रावत करेंगे दौरा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अंकुर शर्मा, अमृत विचार, हल्द्वानी। मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर दो गुटों में बंटी कांग्रेस ने  ‘सारा उत्तराखंड हर दा के संग’ अभियान शुरू कर दिया है। इसी के साथ ही प्रदेश ‘सत्ता-संग्राम’ में हर दा की ‘सेनापति’ की दावेदारी को भी मजबूत मिली है। उत्तराखंड में फरवरी-2022 में 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव होने …

अंकुर शर्मा, अमृत विचार, हल्द्वानी। मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर दो गुटों में बंटी कांग्रेस ने  ‘सारा उत्तराखंड हर दा के संग’ अभियान शुरू कर दिया है। इसी के साथ ही प्रदेश ‘सत्ता-संग्राम’ में हर दा की ‘सेनापति’ की दावेदारी को भी मजबूत मिली है।

उत्तराखंड में फरवरी-2022 में 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव होने हैं। इन सीटों को लेकर सत्तारुढ़ दल भाजपा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ही चेहरा बनाने की घोषणा की है। वहीं विपक्ष, कांग्रेस में अब भी चुनावी चेहरे को लेकर सहमति नहीं बन सकी है। हर दा के समर्थकों ने हरीश रावत को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने की मांग की है तो कांग्रेस में ही दूसरा गुट चुनावी नतीजे के बाद ही मुख्यमंत्री चुने जाने पर अड़ा हुआ है। इधर, कांग्रेस ने ‘सारा उत्तराखंड हर दा के संग’ अभियान शुरू कर दिया है।

इस अभियान के अंतर्गत हर दा प्रदेश की 70 विधानसभा सीटों का दौरा करेंगे और जनता को हाथ के साथ लाने के लिए जुटेंगे। इस अभियान के बाद से हर दा को मुख्यमंत्री चेहरा बनाये जाने के दावों को बल मिला है। संभावना जताई जा रही है कि हर दा ही मुख्यमंत्री का चेहरा होंगे और जल्द ही इसकी घोषणा हो जाएगी। हालांकि इसको लेकर प्रदेश नेतृत्व में भी अलग-अलग राय है। अब भी कांग्रेस में हर दा के समर्थक और विरोधी सहमति नहीं बना सके हैं।

मंडुवा, गन्ना, कारीगर … ये तीन होंगे अभियान के आधार : हर दा 

चुनाव संचालन समिति अध्यक्ष हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड के मुद्दों को उठाने और उत्तराखंडियत को बचाने के लिए वह राज्य की सभी 70      विधानसभा सीटों पर जायेंगे। इस अभियान का मूल ‘मंडुवा, बाजरा, गन्ना और कारीगर’ होगा। आरोप लगाया कि भाजपा के शासन काल में मंडुवा व अन्य पर्वतीय फसलों, मैदान में गन्ना किसान और प्रदेश की पहचान कारीगर तीनों की ही दुर्गति हुई है। इन सभी मुद्दों की अनदेखी हुई है। हम उत्तराखंडियत को बचाने के लिए भी लड़ेंगे, जिसे भाजपा ने सत्ता में रहते हुए बहुत नुकसान पहुंचाया है।

वीडियो, गीत लॉन्चिंग के साथ ही हर दा को चेहरा बनाने के लगे थे कयास

कांग्रेस ने इस अभियान से पूर्व ‘न रुकेगी न झुकेगी हर दा की क्रांति’ वीडियो, लोक गायिका माया उपाध्याय ने ‘हर दा हमारा आला दोबारा’ गीत, देहरादून में हरीश रावत पर गीत भी लॉन्च हुये थे। इन सबके बाद भी हर दा को चुनावी चेहरा बनाये जाने की संभावनाओं पर बल मिला था लेकिन प्रदेश नेतृत्व में तब भी सहमति नहीं बन पाई थी।

चुनाव जीतने के बाद ही मुख्यमंत्री पर होगा फैसला : यादव 

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा कि हरीश रावत वरिष्ठ नेता और चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष हैं। इस वजह से वह अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। जहां तक मुख्यमंत्री की उम्मीदवारी का सवाल है तो कांग्रेस में नियम है कि पहले से ही मुख्यमंत्री उम्मीदवार की घोषणा नहीं करते हैं। चुनाव जीतने के बाद ही मुख्यमंत्री चुना जाता है, उत्तराखंड में भी ऐसा ही होगा।

इस अभियान से कोई फर्क नहीं पड़ता : कौशिक 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि कांग्रेस किस तरह का अभियान चलाती है। कांग्रेस यह चुनाव जीतने वाली नहीं है क्योंकि लोग जानते हैं कि हरीश रावत ने वर्ष 2017 में सत्ता में रहते हुए भ्रष्टाचार किया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देहरादून में हुई रैली में कहा था कि कांग्रेस ऐसी पार्टी है जो देश के अन्य हिस्सों में टूट रही है इसलिए यह दल अब प्रदेश की समृद्धि के लिये काम नहीं कर पाएगी। राज्य का विकास सिर्फ भाजपा ही कर सकती है।

संबंधित समाचार