अल्मोड़ा: 5 कट्टों में भरा हुआ था 48 किलो गांजा
अल्मोड़ा, अमृत विचार। सल्ट विधानसभा के सराईखेत क्षेत्र से गांजा एकत्र कर उसे महंगे दामों में बेचने के लिए जसपुर की ओर ले जा रहे दो तस्करों को पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने दबोच लिया है। दोनों के पास से एक कार में रखे पांच कट्टों में करीब 48 किलो गांजा बरामद किया गया। …
अल्मोड़ा, अमृत विचार। सल्ट विधानसभा के सराईखेत क्षेत्र से गांजा एकत्र कर उसे महंगे दामों में बेचने के लिए जसपुर की ओर ले जा रहे दो तस्करों को पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने दबोच लिया है। दोनों के पास से एक कार में रखे पांच कट्टों में करीब 48 किलो गांजा बरामद किया गया। जिसकी बाजार में कीमत करीब दो लाख चालीस हजार रुपये आंकी गई है।
गुरुवार को सल्ट पुलिस और एसओजी द्वारा सराईखेत रोड पर नैल तिराहे के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। अभियान के दौरान संदिग्ध होने पर स्विफ्ट कार संख्या यूके-18-टीए- 0765 को रोककर उसकी चेकिंग की गई तो उसमें रखे पांच कट्टों में करीब 48 किलो गांजा बरामद किया गया।
थानाध्यक्ष सल्ट गोविंद सिंह मेहता ने बताया कि गांजा तस्करी के आरोप में देवेंद्र कुमार पुत्र रतन सिंह निवासी अमियावाला जसपुर और गौरव कुमार पुत्र मेधनाथ सिंह निवासी मुरलीवाला जसपुर को हिरासत में लिया गया है और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर तस्करी में प्रयुक्त वाहन को सीज कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए गांजे की कीमत करीब दो लाख चालीस हजार रुपये है।
पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने बताया कि वह पेशे से ड्राइवर हैं और सराईखेत क्षेत्र से गांजा एकत्र कर उसे महंगे दामों में बेचने के लिए जसपुर ले जा रहे थे। एसओजी प्रभारी नीरज भाकुनी ने बताया कि दोनों अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास के बारे में अन्य थानों से जानकारी प्राप्त की जा रही है। साथ ही यह तस्कर गांजा किससे खरीद कर लाए इसकी भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीम में आरक्षी सुरेश चंद्र, भूपेंद्र सिंह, मनमोहन सिंह मौजूद रहे।
एसएसपी ने की ढाई हजार इनाम की घोषणा
अल्मोड़ा। एसओजी और सल्ट पुलिस द्वारा भारी मात्रा में मादक पदार्थ की खेप बरामद करने पर एसएसपी पंकज भट्ट ने पुलिस टीम को ढ़ाई हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। एसएसपी ने कहा है कि मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए सघनता से अभियान चलाया जा रहा है। जो भी व्यक्ति इस तरह की गतिविधियों में लिप्त पाया जाएगा। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
