हल्द्वानी: टैक्स चोरी पर जीएसटी विभाग पर बिफरे व्यापारी, ज्वाइंट कमिश्नर को घेरा
हल्द्वानी, अमृत विचार। टैक्स चोरी को लेकर जीएसटी विभाग पर व्यापारी जमकर बिफरे। शुक्रवार को काठगोदाम स्थित कार्यालय पहुंचकर ज्वाइंट कमिश्नर धीरेंद्र नबियाल का घिराव किया। कर की चोरी कर सामान बेच रहे प्रदर्शनी और फड़ वालों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही तकनीकी खराबियों के चलते ईमानदार दुकानदार को परेशान करना बंद नहीं …
हल्द्वानी, अमृत विचार। टैक्स चोरी को लेकर जीएसटी विभाग पर व्यापारी जमकर बिफरे। शुक्रवार को काठगोदाम स्थित कार्यालय पहुंचकर ज्वाइंट कमिश्नर धीरेंद्र नबियाल का घिराव किया। कर की चोरी कर सामान बेच रहे प्रदर्शनी और फड़ वालों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही तकनीकी खराबियों के चलते ईमानदार दुकानदार को परेशान करना बंद नहीं किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले एकत्र हुए व्यापारियों ने जमकर गुस्सा जहिर किया। प्रदेश अध्यक्ष सुभाष मोगा व प्रदेश संगठन प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि करोड़ों का टैक्स चोरी कर रहे लोगों पर सचल दल के अधिकारियों की कोई नजर नहीं पड़ती है। ऐसे लोग प्रदर्शनी से लेकर साप्ताहिक बाजार और सेल के बहाने से सरकार को खूब चूना लगा रहे हैं।
वहीं जो ईमानदारी से कर जमा कर रहा है, उसकी कमियां खोजकर परेशान कर रहे हैं। कागजी गलती होने पर जुर्माना डालने में भी देरी नहीं करते हैं। सह सयोजक देवेश अग्रवाल ने कहा कि उत्पीड़न हुआ तो जवाब विभाग को देना पड़ेगा, व्यापारी आंदोलन को भी मजबूर हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह शिकायत मुख्यमंत्री से भी की जाएगी।
इस दौरान महानगर अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, महामंत्री मनोज जोशी, देवेंद्र कोहली, भारत भूषण, रामप्रसाद कश्यप, सागर मेहलोत्रा, मनोज राठौर, कुंदन रावत, अमरजीत सिंह, संजय वर्मा, भुवन थुवाल, पीयूश गोयल, मोहन सिंह, तारा अधिकारी मौजूद रहे।
