राजधानी में सड़क के नीचे बनेंगे कूड़ाघर, जानें कैसे ?

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। राजधानी में अब खुले में कूड़ा पड़ा नहीं दिखाई देगा। कूड़ा निस्तारण के साथ स्वच्छता रैंकिंग में सुधार के लिए नगर निगम अब सड़क के नीचे कूड़ाघर बनाने की तैयारी कर रहा है। इससे राह चलते लोगों को गंदगी भी नहीं दिखाई देगी। सड़क के नीचे भूमिगत कूड़ादान लगाए जाएंगे, जिनमें कूड़ा चला जाएगा। …

लखनऊ। राजधानी में अब खुले में कूड़ा पड़ा नहीं दिखाई देगा। कूड़ा निस्तारण के साथ स्वच्छता रैंकिंग में सुधार के लिए नगर निगम अब सड़क के नीचे कूड़ाघर बनाने की तैयारी कर रहा है। इससे राह चलते लोगों को गंदगी भी नहीं दिखाई देगी। सड़क के नीचे भूमिगत कूड़ादान लगाए जाएंगे, जिनमें कूड़ा चला जाएगा। कूड़ा भरने के साथ ही जीपीएस से कंट्रोल रूम को सूचना मिल जाएगी।

नगर निगम पहली बार राजधानी में यह प्रयोग करने जा रहा है। पहले चरण में चार जगहों पर भूमिगत बिन लगाए जाएंगे। योजना के तहत एक जगह पर बड़ा गड्ढा खोदा जाएगा। उस पर कंक्रीट की लेयर से मजबूत करने के साथ नीचे स्टील की चादर बिछाई जाएगी। जिससे कूड़े से निकलने वाला तरल पदार्थ भूजल को प्रदूषित न कर सके। विधान भवन में दो, डालीबाग के बहुखंडी मंत्री आवास में एक और कैसरबाग में भूमिगत कूड़ा घर बनाने का काम शुरू हो गया है। अलीगढ़ सहित अन्य शहरों में इस तरह के कूड़ाघर बनने से गंदगी सड़कों पर नहीं दिखती है।

क्या है स्मार्ट बिन?
स्मार्ट बिन कॉम्पैक्टर वाहन के हाइड्रोलिक्स पर काम करती है। भूमिगत बिन के चारों तरफ कंकरीट बंकर बनाया जाता है। स्टील की चादर लगाने के साथ ही पाउडर कोडिंग होगी, जिससे भूजल प्रदूषित न हो। इसमें जीपीएस बिन लेवल सेंसर लगा होता है। कूड़ा भर जाने पर कंट्रोल रूम को उसे खाली करने की सूचना मिल जाएगी। इसे भरने से पहले ही खाली कर दिया जाएगा।

यहां लगाए जाएंगे बिन
स्मार्ट बिन डालीबाग बहुखंडीय मंत्री आवास, कैसरबाग बस अड्डा, हजरतगंज, सहारा पार्क, अमीनाबाद झंडे वाला पार्क, लोक भवन, बड़ा और छोटा इमामबाड़ा के पास, गोल मार्केट महानगर, चिनहट, चारबाग रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, नीलगिरी काम्प्लेक्स, मुंशी पुलिया, भूतनाथ मार्केट, एयरपोर्ट कालोनी और जोनल पार्क हिंदनगर में लगाए जाएंगे।

नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि शहर साफ-सुथरा दिखे इसके लिए भूमिगत बिन तैयार किए जा रहे हैं। कूड़ेदान अभी सड़क पर होते थे जिससे गंदगी दिखती थी। इससे कूड़ा बिन में जमीन के अंदर रहेगा। जिससे शहर को स्वच्छ रखने में मदद मिलेगी।

पढ़ें- फार्मासिस्ट एसोसिएशन का विरोध प्रदर्शन जारी, नहीं मिल रहे इंजेक्शन और दवाईयां 

संबंधित समाचार