हल्द्वानी में मोदी, बाहरी लोगों पर पुलिस की निगाह, धड़ाधड़ हो रहे सत्यापन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार हल्द्वानी में होंगे और पुलिस सुरक्षा में किसी तरह की चूक नहीं करना चाहती। यही वजह है कि कार्यक्रम मिलने से पहले ही पुलिस ने अपने स्तर पर सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने शुरू कर दिए हैं। पुलिस की नजर उन शरारती तत्वों पर है जो प्रधानमंत्री के …

हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार हल्द्वानी में होंगे और पुलिस सुरक्षा में किसी तरह की चूक नहीं करना चाहती। यही वजह है कि कार्यक्रम मिलने से पहले ही पुलिस ने अपने स्तर पर सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने शुरू कर दिए हैं। पुलिस की नजर उन शरारती तत्वों पर है जो प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में खलल डाल सकते हैं और इसके लिए पुलिस खुफिया की भी मदद ले रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम 24 दिसंबर को गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में प्रस्तावित है। कार्यक्रम स्थल तय होने के साथ ही पुलिस सुरक्षा इंतजाम में जुट गई है। सुरक्षा के लिहाज से सबसे पहले शहर और गौलापार में रह रहे बाहरी लोगों को सत्यापित करने का काम किया जा रहा है और इसके लिए खुफिया की भी मदद ली जा रही है।

पुलिस ने शहर के कुछ बेहद घनी आबादी वाले और संकरे इलाकों को चिह्नित किया है, जहां लोगों को तलाश पाना मुश्किल होता है। सबसे पहले ऐसे इलाकों में ही पुलिस सत्यापन अभियान चला रही है। इन इलाकों में बनभूलपुरा, इंद्रानगर, गांधीनगर, राजपुरा, काठगोदाम और नदी किनारे के इलाके शामिल हैं। इसके साथ ही पुलिस की गौलापार पर भी पैनी नजर है। कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि गौलापार और हल्द्वानी में बड़ी संख्या में बाहरी लोग रहते हैं। ऐसे लोगों को सत्यापित करने का काम शुरू कर दिया गया है। सत्यापन के काम में कोई कमी न रहे, इसलिए खुफिया की भी मदद ली जा रही है।

संकरी सड़कें बन सकती हैं राह में बाधा
हल्द्वानी। प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर कहां लैंड करेगा, इसको लेकर संशय है। माना यह भी जा रहा है कि लैंडिंग आर्मी हेलीपैड पर कराई जा सकती है। अगर ऐसा हुआ तो स्टेडियम पहुंचने के लिए या तो बरेली रोड तीन पानी से होते हुए काफिला स्टेडियम जाएगा या फिर काठगोदाम से काफिला गुजारा जाएगा। एक तीसरा मार्ग भी है, लेकिन वहां से काफिला गुजरने की संभावनाएं न के बराबर हैं। क्योंकि ये रास्ता बेहद संकरा है। हालांकि तीनपानी से काफिका गुजरने की संभावनाएं सबसे ज्यादा है, लेकिन ये रास्ता भी चौड़ीकरण के कारण खस्ताहाल और संकरा है। जो परेशानी का सबब बन सकता है।

चार दिन पहले डेरा डाल लेगी एसपीजी
हल्द्वानी। प्रधानमंत्री के हल्द्वानी आने की तारीख 24 दिसंबर तय की गई है। इस तारीख के मुताबिक एसपीजी 20 या 21 दिसंबर को स्टेडियम में डेरा डाल सकती है। इसके बाद प्रधानमंत्री के मंच से लेकर 70 मीटर की परिधि तक एसपीजी की अनुमति के बिना कोई दाखिल नहीं हो पाएगा। इधर, एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी ने भी सुरक्षा की नजर से वीवीआईपी ड्यूटी लगाने को लेकर एक अलग सेल का गठन कर दिया है। इसके अलावा कार्यक्रम के लिए शहर में पुलिस की संख्या को लेकर भी मंथन शुरू कर दिया गया है। यातायात पुलिस भी अतिरिक्त बल की मांग कर सकती है।

संबंधित समाचार