हल्द्वानी: रामपुर रोड पर पलटी कार, चाचा की शादी से लौट रहे भतीजे की मौत
हल्द्वानी, अमृत विचार। रिश्तेदारों के साथ चाचा की शादी से लौट रहा कार सवार भतीजा देर रात हादसे का शिकार हो गया। हादसे में भतीजे की मौत हो गई। जबकि कार सवार चार लोग बुरी तरह घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के …
हल्द्वानी, अमृत विचार। रिश्तेदारों के साथ चाचा की शादी से लौट रहा कार सवार भतीजा देर रात हादसे का शिकार हो गया। हादसे में भतीजे की मौत हो गई। जबकि कार सवार चार लोग बुरी तरह घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
मूलरूप से सिहारी खमीरा मिलख रामपुर उत्तर प्रदेश निवासी हरीश राठौर (23) पुत्र नेमचंद्र यहां तीनपानी में रहता है। हरीश तीनपानी में फास्ट फूड का ठेला लगाता है। बताया जाता है कि बीते बुधवार को हरीश के चाचा की रुद्रपुर में शादी थी और शादी में शामिल होने के लिए हरीश अपने चचेरे भाई शिव बहादुर, एक रिश्तेदार पप्पू, कार चालक व एक अन्य साथी के साथ कार से निकला था।
बुधवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे सभी कार से ही घर वापस लौट रहे थे। बताया जाता है कि बेलबाबा के पास एक अज्ञात वाहन ने कार में टक्कर मार दी। जिससे अनियंत्रित होकर कार पलट गई और कार सवार सभी पांच लोग बुरी तरह घायल हो गए। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। सभी को सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय लाया गया। जहां चिकित्सकों ने हरीश को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इधर, हालत नाजुक होने पर शिव बहादुर को परिजनों ने एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। जबकि पप्पू, कार चालक व एक अन्य साथी का सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में इलाज चल रहा है। सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती तीनों घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
