गहरी नींद लीजिए, इम्युनिटी बढ़ने के साथ कई बीमारियां रहेंगी कोसों दूर

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी) बढ़ाने में जितना रोल संतुलित और पौष्टिक भोजन का है, उतना ही महत्व पर्याप्त और गहरी नींद का भी होता है। सोते समय शरीर क्षतिग्रस्त कोशिकाओं की मरम्मत करता है, ताकि सोकर उठने पर व्यक्ति चुस्त दुरुस्त और शक्ति से भरपूर महसूस करे। यदि किसी कारण से नींद में …

शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी) बढ़ाने में जितना रोल संतुलित और पौष्टिक भोजन का है, उतना ही महत्व पर्याप्त और गहरी नींद का भी होता है। सोते समय शरीर क्षतिग्रस्त कोशिकाओं की मरम्मत करता है, ताकि सोकर उठने पर व्यक्ति चुस्त दुरुस्त और शक्ति से भरपूर महसूस करे।

यदि किसी कारण से नींद में कमी रह जाये तो अगला दिन सुस्ती और थकावट में बीतता है। इसीलिए एक स्वस्थ व्यक्ति को अपनी ऊर्जा का स्तर बनाये रखने के लिए पर्याप्त नींद अवश्य लेनी चाहिए। एक स्वस्थ व्यक्ति को प्रतिदिन कितने घंटे की नींद लेनी चाहिए, इस बारे में एक सीधा फॉर्मूला तो यह है कि जागने के बाद यदि आप थकान महसूस करते हैं तो इसका मतलब है कि आपको थोड़ा और सोना चाहिए।

अमेरिका के सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल एंड प्रीवेंशन के अनुसार, एक वयस्क व्यक्ति को दिन में कम से कम 7 और अधिक से अधिक 9 घंटे की नींद चाहिए होती है। यदि 7 घंटे सोने के बाद आपके शरीर में दिन भर चुस्ती-फुर्ती बनी रहती है, तो इतनी नींद आपके लिए पर्याप्त है। लेकिन यदि आप दिन में थकान और सुस्ती महसूस करते हैं, तो इसका मतलब है कि आपको थोड़ी देर और सोना चाहिए।

कम नींद लेने से ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है। ऐसे लोगों को दिल का दौरा पड़ने की आशंका 20 प्रतिशत अधिक रहती है। इन्हें मोटापा भी घेर सकता है। दरअसल, नींद हॉर्मोन संतुलन का काम करती है, जिससे शरीर का विकास और दिमागी चुस्ती बनी रहती है। अच्छी नींद लेने से कार्यक्षमता बढ़ती है। इससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्युनिटी बढ़ती है, और वजन नियंत्रण में रहता है। पर्याप्त नींद लेने से दिल के रोग और मधुमेह जैसे रोग दूर रहते हैं।

दिन में ऊर्जा का स्तर बनाये रखने के लिए 10-15 मिनट की पॉवर नैप लेना भी एक बढ़िया उपाय है। चंद मिटों के लिए सो लेने से शरीर तरोताजा हो जाता है। विशेष कर दिन का भोजन करने के बाद। गर्मियों के दिनों में पॉवर नैप का विशेष महत्व है। दिन के बीच में कुछ देर सो लेने को पॉवर नैप कहते ही इसलिए हैं क्योंकि इससे व्यक्ति को पॉवर अथवा ऊर्जा मिल जाती है।

पुर्तगाल के नामी फुटबाल खिलाड़ी क्रिस्टयानो रोनाल्डो के बारे में मशहूर है कि वे कभी आम लोगों की तरह आठ घंटे की नींद नहीं लेते। इसके विपरीत वे डेढ़-डेढ़ घंटे के लिए दिन में पांच बार सोते हैं। इस अंतर्राष्ट्रीय फुटबाल खिलाड़ी का यह अजब गजब रूटीन तब से चला आ रहा है, जब वह मैनचेस्टर यूनाइटेड से खेला करते थे। लंच के बाद 40 मिनट की पॉवर नैप भी उनकी दिनचर्या का हिस्सा है।

अच्छी नींद के लिए आरामदायक बिस्तर, सही आकार प्रकार का स्वच्छ नरम तकिया और कम रोशनी का शांत वातावरण उपयुक्त रहता है। रात को 11 बजे तक सो जाना अच्छा रहता है, ताकि सुबह छह या सात बजे तक उठा जा सके। सोने से पहले दिन भर की अच्छी और सकारात्मक बातों को याद कर लेना और मन ही मन सभी का शुक्रिया अवश्य अदा करना चाहिए।

किसी भी तरह की चिंता मन में रखने से नींद में बाधा पड़ती है। सबसे अच्छी आदत है कि सोने से पहले सभी लोगों, चीजों और ईश्वर के प्रति कृतज्ञता महसूस की जाये और धन्यवाद किया जाये।

  • नरविजय यादव

यह भी पढ़े-

मशरूम खाकर कम करें शुगर लेवल, हार्ट डिजीज भी होंगी दूर

संबंधित समाचार