लालकुआं की महिला से ठगी करने वाला अफ्रीकी गिरफ्तार
लालकुआं, अमृत विचार। एक महिला से फेसबुक के जरिए दोस्ती कर धोखाधड़ी करने वाले अफ्रीकी मूल के ठग को पुलिस ने दिल्ली से धर दबोचा। उसके कब्जे से धोखाधड़ी में प्रयुक्त मोबाइल, लैपटॉप, दस सिमकार्ड व पासपोर्ट बरामद हुआ है। 28 नवंबर 2021 को लालकुआं के राजीव नगर बंगाली कालोनी निवासी दीपक चतुर्वेदी की पत्नी …
लालकुआं, अमृत विचार। एक महिला से फेसबुक के जरिए दोस्ती कर धोखाधड़ी करने वाले अफ्रीकी मूल के ठग को पुलिस ने दिल्ली से धर दबोचा। उसके कब्जे से धोखाधड़ी में प्रयुक्त मोबाइल, लैपटॉप, दस सिमकार्ड व पासपोर्ट बरामद हुआ है।
28 नवंबर 2021 को लालकुआं के राजीव नगर बंगाली कालोनी निवासी दीपक चतुर्वेदी की पत्नी शीला चतुर्वेदी ने तहरीर दी थी कि 20 सितंबर 2021 को फेसबुक के जरिए उसकी दोस्ती क्रिस ईडन नामक व्यक्ति से हुई। सात अक्टूबर 2021 को क्रिस ने मोबाइल से प्रार्थिनी के पास फोन किया कि मैं दिल्ली एयरपोर्ट से बोल रहा हूं। उसने अपना एक पार्सल लंदन से आने की जानकारी देकर उक्त पार्सल को कस्टम द्वारा पकड़ लेने की बात कही। पार्सल छुड़ाने के एवज में ज्यादा धनराशि लगने की बात कहते हुए क्रिस ने रुपयों की मदद करने की गुहार लगाई।
इस पर शीला ने उसके खाते में धनराशि ट्रांसफर कर दी। क्रिस ने शीला को बहला फुसलाकर 28 अक्टूबर 2021 तक कुल 15.85 लाख रूपये खाते में डलवा लिये। इसके बाद भी महिला से रुपयों की मांग की गई तो शीला ने उसके द्वारा उपलब्ध कराई गई रसीदों की जांच की। रसीदें फर्जी निकलीं। क्रिस ईडन व एक अन्य अज्ञात महिला के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक कृपाल सिंह के सुपुर्द की गयी। पुलिस ने सर्विलांस के जरिए जांच कर गुरुवार को बाहरी दिल्ली के इलाके से आरोपी को दबोच लिया। आरोपी का असली नाम करीम कोन पुत्र जेरीगोवे सोवन्डे है। वह अफ्रीका का मूल निवासी है। यहां दिल्ली में रहकर धोखाधड़ी कर रहा था।
पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल, लैपटॉप, दस सिम कार्ड, आठ मोबाइल, सात एटीएम कार्ड, दो बैंक पासबुक, पासपोर्ट आदि बरामद किए हैं। टीम में उपनिरीक्षक व विवेचक कृपाल सिंह के साथ सर्विलांस टीम के हेड कांस्टेबल दीपक अरोरा और कांस्टेबल अनिल शर्मा शामिल रहे।
