बरेली: पति की मौत के बाद ससुराल वाले रखते हैं भूखा
बरेली, अमृत विचार। पति की मौत के बाद एक महिला के ससुरालियों ने उसका जीना दुष्वार कर दिया। उस पर बच्चों समेत मायके में रहने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर मारपीट करते हुए जान से मारने का प्रयास भी किया। पीड़िता ने बच्चों की जान को खतरा जताते हुए अधिकारियों से शिकायत की …
बरेली, अमृत विचार। पति की मौत के बाद एक महिला के ससुरालियों ने उसका जीना दुष्वार कर दिया। उस पर बच्चों समेत मायके में रहने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर मारपीट करते हुए जान से मारने का प्रयास भी किया। पीड़िता ने बच्चों की जान को खतरा जताते हुए अधिकारियों से शिकायत की है। उसने दूसरे बेटे को वापस दिलाने की भी मांग की है।
फरीदपुर थाना क्षेत्र के सिमरा वोरीपुरा की रहने वाली राधा सिंह ने बताया कि 25 मई 2021 को उनके पति की मौत हो गई थी। उसके बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसपर मायके में रहने का दबाव बना रहे हैं। बताया कि उनके दो बेटे अभिनव (5) और अभियांश (2) हैं। बच्चों के साथ मायके में रहने का विरोध करने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने मारना-पीटना शुरू कर दिया। कई-कई दिनों तक भूखा रखते थे।
बताया कि 16 दिसंबर को ससुरालियों ने मारपीट करते हुए कमरे में बंद कर दिया। किसी तरह महिला ने अपने भाई को फोन करके मदद मांगी। आरोप है कि जब उनका भाई बहन के घर पहुंचा तो वहां ससुराल पक्ष के लोग उनके गले में फंदा डालकर फांसी लगाने का प्रयास कर रहे थे। भाई के शोर पर आस-पड़ोस के लोग भी पहुंच गए और राधा की जान बचाई। वहीं जानकारी मिलने पर पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई जहां से राधा और उसके एक बेटे को मायके भेज दिया गया।
