हल्द्वानी: एसएसपी का दावा, एक महीने के भीतर नशा तस्करों पर कसेगी गुंडा और गैंगस्टर एक्ट की नकेल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। नवनियुक्त एसएसपी पंकज भट्ट ने नशा करने और बेचने वालों के खिलाफ रणनीति तैयार कर ली है। जिले को नशा मुक्त करने के एलान के साथ अब पुलिस इसे जड़ से खत्म करने के लिए नशा कारोबारियों पर गुंडा और गैंगस्टर एक्ट की नकेल डालेगी। इस काम में पुलिस जागरुकता और कार्रवाई …

हल्द्वानी, अमृत विचार। नवनियुक्त एसएसपी पंकज भट्ट ने नशा करने और बेचने वालों के खिलाफ रणनीति तैयार कर ली है। जिले को नशा मुक्त करने के एलान के साथ अब पुलिस इसे जड़ से खत्म करने के लिए नशा कारोबारियों पर गुंडा और गैंगस्टर एक्ट की नकेल डालेगी। इस काम में पुलिस जागरुकता और कार्रवाई एक साथ करेगी।

पुलिस बहुउद्देशीय भवन में वार्ता के दौरान एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि उनका पूरा फोकस नशे पर है। खास तौर से स्मैक कारोबार से जुड़े लोगों को रडार पर लिया जाएगा। इन्हें चिह्नित कर न सिर्फ सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा बल्कि इनके खिलाफ गुंडा और गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि एक माह के भीतर जिला पुलिस नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करेगी।

इसके अलावा साइबर क्राइम को लेकर खास योजना पर काम करने की बात कही। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि चुनाव और प्रधानमंत्री कार्यक्रम को लेकर अभी कोई लिखित आदेश नहीं है। फिर भी पुलिस ने अपनी ओर से तैयारियां शुरू कर दी हैं। वार्ता में एसपी अपराध एवं यातायात जगदीश चंद्र, एसपी सिटी हरबंश सिंह, सीओ सिटी भूपेंद्र धौनी मौजूद रहे।

पर्यटन व्यवसायियों को सहयोग करेगी पुलिस
क्रिसमस डे और नववर्ष पर नैनीताल के कारोबारियों की चांदी रहती है लेकिन इस दफा कोविड का संकट है। एसएसपी पंकज भट्ट का कहना है कि नैनीताल पर्यटन व्यवसाय पर निर्भर है और पुलिस इस काम में नैनीताल के व्यापारियों की मदद करेगी। फिर वह स्थानीय बाजार हो, होटल हो या फिर टैक्सी वाले। हालांकि एसएसपी ने फिर चेताया है कि नैनीताल पहुंचने वाले पर्यटकों से बेजा वसूली न की जाए। पुलिस इस पर भी ध्यान देगी।

संबंधित समाचार