हल्द्वानी: पहाड़ों में बर्फबारी के बाद फिर से बढ़ गई ठिठुरन
हल्द्वानी, अमृत विचार। पहाड़ों में बर्फबारी के बाद ठंड का प्रकोप फिर से बढ़ गया है। शनिवार को उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में भी मौसम पूरी तरह से बदल गया। मौसम विभाग के अनुसार मौसम का मिजाज कुछ दिनों तक बदला ही रहेगा। क्रिसमस के दिन पश्चिमी विक्षोभ पूरी …
हल्द्वानी, अमृत विचार। पहाड़ों में बर्फबारी के बाद ठंड का प्रकोप फिर से बढ़ गया है। शनिवार को उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में भी मौसम पूरी तरह से बदल गया। मौसम विभाग के अनुसार मौसम का मिजाज कुछ दिनों तक बदला ही रहेगा।
क्रिसमस के दिन पश्चिमी विक्षोभ पूरी तरह से सक्रिय हो गया। हालांकि शनिवार की शाम तक इसका असर पहाड़ों में ही देखने को मिला। केदारनाथ धाम में बर्फबारी हुई। साथ ही उच्च हिमालयी इलाकों में भी बर्फबारी होती रही। पड़ोसी पहाड़ी राज्यों में भी कई स्थानों पर लगातर हिमपात होता रहा। इस वजह से उत्तर से मैदान की ओर से बहने वाली हवाएं ठंडी हो गईं। और तापमान में गिरावट आ गई।
हल्द्वानी में सुबह के समय जहां धूप खिली हुई थी तो वहीं दूसरी ओर शाम होते ही यहां मौसम पूरी तरह से बदल गया। और ठंड बढ़ गई। जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. आरके सिंह ने बताया कि रविवार को मौसम में और भी बदलाव होगा। कई स्थानों पर बारिश होगी। इसके साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होगी। हालांकि उन्होंने अभी नैनीताल, रामगढ़ जैसे स्थानों पर बर्फबारी होने के आसार नहीं बताए हैं। इधर हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
कृषि के लिए फायदेमंद होगी बारिश
हल्द्वानी। कृषि विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कृषि के लिए काफी फायदेमंद रहेगा। इस समय गेंहूं की फसल लगाई गई है। बारिश से फसल की पैदावार में मदद मिलेगी। साथ ही जहां भी बर्फबारी होगी वहां पर फलों के उत्पादन के लिए काफी राहत पहुंचाने वाला होगा।
