हल्द्वानी: मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर साधा निशाना, बोले- दोनों पार्टियों को जनता देगी जवाब
हल्द्वानी, अमृत विचार। जनसभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जहां सरकार की उपलब्धियों को गिनाया तो वहीं कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर भी जमकर निशाना लगाया। उन्होंने कहा कि सेना का अपमान करने वालों और उत्तराखंड की जनता को मुफ्त के सपने दिखाने वालों को चुनाव में करारा जबाव मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा …
हल्द्वानी, अमृत विचार। जनसभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जहां सरकार की उपलब्धियों को गिनाया तो वहीं कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर भी जमकर निशाना लगाया। उन्होंने कहा कि सेना का अपमान करने वालों और उत्तराखंड की जनता को मुफ्त के सपने दिखाने वालों को चुनाव में करारा जबाव मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह से स्वामी विवेकानंद ने भारत के धर्म और संस्कृति का परचम पूरे विश्व में फैलाया। उसी तरह प्रधानमंत्री मोदी पूरे विश्व में भारत की धर्म और संस्कृति का परचम फहरा रहे हैं। कहा कि सरदार बल्लभ भाई पटेल, डा. भीमराव अंबेडकर और दीनदयाल उपाध्याय के पदचिन्हों पर चलते हुए देश और राज्य का नाम रोशन किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने जिस तरह से कोरोना लड़ाई की है, उसकी सराहना विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी की है। गरीब अन्न कल्याण योजना, आयुष्मान भारत, नमामि गंगे, वन नेशन वन राशन कार्ड जैसी योजनाओं को लागू करके नए आयाम स्थापित किए हैं। कहा कि यही नहीं धारा 370 को हटाना है या फिर अयोध्या में राम मंदिर बनाना हो इन सबमें प्रधानमंत्री का अभूतपूर्व कौशल दिखाई देता है। कहा कि भव्य काशी और दिव्य काशी की तरह केदारपुरी के विकास में प्रधानमंत्री ने कोई कसर नहीं छोड़ी। कहा कि कुमाऊं के लिए 17.5 हजार करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करके प्रधानमंत्री ने बता दिया कि उत्तराखंड को विकास के मामले में बराबर की अहमियत दी जा रही है। कहा कि जो बंगाली समाज सालों से अपने नाम के आगे पूर्वी पाकिस्तानी का निवासी बताता था उनकी समस्या का समाधान किया गया।
कहा कि उत्तराखंड में इस समय केंद्र सरकार द्वारा एक लाख करोड़ की योजनाओं पर काम चल रहा है। कहा कि उत्तराखंड मूल के सीडीएस बिपिन रावत के निधन के बाद जहां पूरा देश शोक की लहर में था वहीं उत्तराखंड के लोगों के लिए यह दु:ख और भी बड़ा था। कहा कि सीडीएस रावत के निधन पर जहां कांग्रेस आंसू बहा रही है, ये वही कांग्रेस नेता हैं जो उनके लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करते थे। सेना का अपमान करने वालों को जनता जबाव देगी। आज सैनिकों को दुश्मनों को जबाव देने के लिए दिल्ली की ओर नहीं देखना पड़ता है।

कहा कि उत्तराखंडियत का मतलब होता है कि उत्तराखंड को अहमियत देना। कांग्रेस के समय में दो ही परिवार को यहां के नेता अहमियत देते हैं। एक तो दिल्ली के परिवार को और दूसरा अपने परिवार को। कांग्रेस ने उत्तराखंड को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया। यह वही कांग्रेस थी जो अपने मंत्रियों से कहती थी कि सरकार को बचा लो चाहें उत्तराखंड को लूट लो। कांग्रेस को उत्तराखंड से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने आम आदमी पार्टी को निशाने पर लेते हुए कहा कि उनकी अक्ल पर झाड़ू फेरी गई है। उत्तराखंड आत्मनिर्भर और स्वाभिमानी लोगों का है। कहा कि हमने हर विभाग से दस साल का विजन मंगाया है और उसी रोडमैप के आधार पर काम किया जा रहा है। कहा कि उत्तराखंड 2025 तक देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य होगा।
