बरेली: कोरोना की बढ़ रही रफ्तार, स्वास्थ्य महकमा लाचार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका शासन जता चुका है। विभागीय अधिकारी लगातार शासन को सूचना दे रहे हैं कि कोरोना से निपटने को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से तैयार है लेकिन असल तैयारी क्या है, यह जानने के लिए बुधवार को अमृत विचार की टीम ने जिला अस्पताल, जिला महिला …

बरेली, अमृत विचार। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका शासन जता चुका है। विभागीय अधिकारी लगातार शासन को सूचना दे रहे हैं कि कोरोना से निपटने को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से तैयार है लेकिन असल तैयारी क्या है, यह जानने के लिए बुधवार को अमृत विचार की टीम ने जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल और 300 बेड कोविड चिकित्सालय की पड़ताल की, जिसमें कोरोना से निपटने की व्यवस्थाएं दम तोड़तीं नजर आईं। जिस रफ्तार से कोरोना जिले में रफ्तार पकड़ रहा है, उस लिहाज से कोरोना के आगे स्वास्थ्य महकमा लाचार है।

मास्क लगाए बिना बेचता मिला मास्क
अमृत विचार की टीम सुबह करीब 11:30 बजे महराणा प्रताप संयुक्त चिकित्सालय पहुंची। यहां गेट से प्रवेश करते ही एक युवक मास्क बेच रहा था लेकिन खुद युवक ने ही मास्क नहीं लगा रखा था। ओपीडी में मरीजों की बेशुमार भीड़ थी। कई मरीज मास्क तक नहीं लगाए थे। मरीजों को देखकर ऐसा लग रहा था कि शारीरिक दूरी का तो मतलब ही जैसे मरीजों का नहीं पता। हैरत की बात तो यह रही कि ये घोर अनियमितताओं की जानकारी होने के बाद भी अफसर इस ओर ध्यान नही दे रहे हैं।

दृश्य दो
सेनेटाइजर मशीन बनी शोपीस
करीब 12 बजे जिला महिला अस्पताल में प्रवेश करते ही वहां स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी प्रवेश द्वार पर बैठे थे लेकिन मरीजों को कोरोना के बचाव की गाइडलाइन का पाठ पढ़ाने की फुर्सत किसी के पास नहीं थी। ओपीडी में 150 से अधिक महिला मरीज मौजूद थीं लेकिन दस फीसदी महिलाएं मास्क नहीं लगाए थीं। शारीरिक दूरी की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। रोकटोक करने वाला भी कोई नहीं था। अस्पताल की सीएमएस कार्यालय के बाहर सैनेटाइजर मशीन तो रखी मिली लेकिन इससे सैनेटाइजर न होने से बस शोपीस बना हुआ था।

दृश्य तीन
धूल फांकती मिलीं सैनेटाइजर मशीनें
मंडल के कोविड संक्रमितों को 300 बेड कोविड चिकित्सालय में भर्ती किया जाता है। अमृत विचार की टीम दोपहर 12:30 बजे यहां पहुंची। यहां अव्यवस्थाएं हावी मिलीं। यहां प्रशासनिक भवन, कोरोना फ्लू कॉर्नर पर मरीजों और तीमारदारों के लिए लगाई गई सैनेटाइजर मशीनें धूल फांक रही थीं। प्रशासनिक भवन में ही लोगों को कोरोना संबंधी जानकारी देने के लिए बनाई गई कोविड हेल्प डेस्क से कर्मचारी नदारद नजर आया।

… तो कई मरीजों को संक्रमण बांट गया संक्रमित युवक
-दोपहर करीब 12 बजे जिला अस्पताल में अचानक हंगामा होने लगा। लोग इधर-उधर भागने लगे। वजह थी कि जिला अस्पताल स्थित ट्रू-नाट लैब में शहर के शास्त्री नगर निवासी एक 18 वर्षीय युवक की एंटीजन जांच हुई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद युवक को जैसे संक्रमित होने की बात पता लगी तो वह वहां से भागकर ओपीडी में घुस गया जब तक स्टाफ ने उसे रोकने की कोशिश की तब तक युवक अस्पताल से भाग गया। युवक की इस हरकत के चलते कई मरीजों में संक्रमण फैलने की आशंका है।

वर्जन
कोरोना को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। बिना मास्क के ओपीडी में आने वाले मरीजों को इलाज नहीं दिया जाएगा। अगर आदेशों पर अमल नहीं किया जा रहा तो संबंधित से जवाब-तलब किया जाएगा।
—-डॉ. सुबोध शर्मा, अपर निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक

ओपीडी में मरीजों को कोरोना से बचाव की गाइडलाइन को फॉलो कराने के लिए टीम लगाई गई है। अगर टीम की ओर से ऐसा नहीं किया जा रहा है तो टीम से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।    ––डॉ. अलका शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका, जिला महिला अस्पताल

संबंधित समाचार