ऋषभ पंत के खराब फॉर्म से नाराज हुए कोच राहुल द्रविड़, सुनील गावस्कर ने भी लगाई फटकार
जोहानिसबर्ग। भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने संकेत दिये हैं कि उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत से उनके शॉट्स की टाइमिंग को लेकर बात की है। वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में गैर जिम्मेदाराना स्लॉग शॉट खेलकर आउट हुए थे। दूसरे टेस्ट में भारत की सात विकेट से हार …
जोहानिसबर्ग। भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने संकेत दिये हैं कि उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत से उनके शॉट्स की टाइमिंग को लेकर बात की है। वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में गैर जिम्मेदाराना स्लॉग शॉट खेलकर आउट हुए थे। दूसरे टेस्ट में भारत की सात विकेट से हार के बाद द्रविड़ ने कहा कि वह हमेशा चाहते हैं कि पंत सकारात्मक क्रिकेट खेले लेकिन शॉट्स का चयन बेहतर हो सकता है।
उन्होंने कहा ,” हम जानते हैं कि ऋषभ सकारात्मक क्रिकेट खेलता है और उसका अपना एक अंदाज है जिससे उसे कुछ सफलता भी मिली है। लेकिन कई बार उससे इसके बारे में बात करनी जरूरी होती है। खासकर शॉट्स के चयन को लेकर।”
द्रविड़ ने कहा ,” कोई उससे यह नहीं कहने जा रहा कि सकारात्मक क्रिकेट नहीं खेलो या आक्रामक बल्लेबाजी मत करो लेकिन कई बार ऐसा करने के लिये सही समय चुनने की बात होती है ।” भारत के लिये 164 टेस्ट खेल चुके द्रविड़ ने कहा कि पंत तेजी से मैच का रूख बदल सकता है। उन्होंने कहा ,” क्रीज पर खुद को थोड़ा और समय देना जरूरी है। वह काफी सकारात्मक खिलाड़ी है और मैच का रूख तेजी से बदल सकता है । हम उससे वह बदलने के लिये नहीं कहेंगे । लेकिन कई बार यह पता करना जरूरी होता है कि आक्रामक खेलने का सही समय क्या है । वह सीख रहा है ।”
ऋषभ पंत को सुनील गावस्कर ने भी लगाई फटकार
सुनील गावस्कर ने एक बार फिर से ऋषभ पंत को फटकार लगाई है। सुनील गावस्कर ने कहा , ऑस्ट्रेलिया में पंत ने ऐसा खेल नहीं दिखाया, वो वहां पर क्रीज पर वक्त बिताने के बाद रन जुटा रहे थे…. लेकिन यह खेलने (जोहानिसबर्ग में आउट) का तरीका नहीं हो सकता है। इसके पहले भी गावस्कर ने ऋषभ पंत को लेकर बयान दिया था, जिसमें उन्होंने कहा, इस शॉट को खेलने के बाद आप कोई बहाना नहीं बना सकते हैं, इसमें आपका यह नेचुरल खेल है जैसी बकवास बात भी स्वीकार नहीं की जाएगी। रहाणे और पुजारा के विकेट के बाद आपको थोड़ी जिम्मेदारी दिखानी चाहिए न की लापरवाही।
गोतम गंभीर ने भी पंत को सुनाई थी खरी-खरी
गोतम गंभीर ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरी पारी में पंत के आउट होने के बाद कहा था, ‘पुजारा और रहाणे अच्छी साझेदारी कर भारत को मैच में वापस ले आए थे। अगर पंत 20-25 रन भी बनाते तो भारत मजबूत स्थिति में होता। बहादुरी और बेवकूफी में बहुत कम अंतर होता है और पंत ने बेवकूफी की है। आपको इस तरह के दबाव से निपटना आना चाहिए।
पंत के बचाव में आए संजय मांजरेकर
टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज संजय मांजरेकर पंत के बचाव में आए हैं। उन्होंने कहा कि पंत ने इतने छोटे करियर में दो कमाल की टेस्ट पारियां खेली हैं। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई उनकी पारी कौन भूल सकता है। वो अपनी पारी के शुरुआत में ऐसे शॉट खेलते हैं। उनके खेलने का तरीका ही यही है। वो जल्दीबाजी या लापरवाही नहीं कर रहे हैं।
