सपा का चुनाव आयोग को पत्र, कहा- बीजेपी कार्यकर्ताओं की तरह काम कर रहे अधिकारी, निलंबन की मांग
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अधिसूचना और तारीखों के ऐलान के बाद विपक्षी पार्टियों में खलबली मच गई है। ऐसे में विभिन्न पार्टियों के कद्दावर नेता लगातार भारतीय जनता पार्टी पर सवाल खड़े कर रहे हैं, तो कहीं उसपर तंज कस रहे हैं। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने …
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अधिसूचना और तारीखों के ऐलान के बाद विपक्षी पार्टियों में खलबली मच गई है। ऐसे में विभिन्न पार्टियों के कद्दावर नेता लगातार भारतीय जनता पार्टी पर सवाल खड़े कर रहे हैं, तो कहीं उसपर तंज कस रहे हैं।
इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। इस दौरान उन्होंने कहा है कि प्रदेश में खास पदों पर बैठे अफसरों को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए।
संबंधित अधिकारियों के रहते नहीं हो सकते निष्पक्ष चुनाव: अखिलेश यादव
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी सहित प्रदेश के चार प्रमुख अफसरों को उनके पदों से हटाने की मांग की है। समाजवादी पार्टी ने इस संबंध में चुनाव आयोग को एक पत्र भी लिखा है।
पत्र में साफ तौर पर लिखा गया है कि अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल, एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार और एडीजी एसटीएफ अमिताभ यश भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की तरह व्यवहार कर रहे हैं। इनके रहते हुए स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव संपन्न नहीं हो सकते हैं। ऐसे में इन अफसरों को तत्काल इनके पदों से हटाया जाए।
पढ़ें: अयोध्या: कोविड के कारण अविवि की कक्षाएं 10 से 16 जनवरी तक चलेंगी ऑनलाइन
गौरतलब है कि प्रदेश में शनिवार को चुनाव आयोग की तरफ से चुनाव की घोषणा के साथ ही आचार संहिता लागू की गई है। प्रदेश में 7 चरणों में चुनाव होंगे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से पहले चरण का चुनाव 10 फरवरी को शुरू होकर सात मार्च को पूर्वांचल में अंतिम चरण संपन्न होगा। चुनाव के नतीजे 10 मार्च को आएंगे।
