लखनऊ: घर-घर पहुंचेगी भाजपा कार्यकर्ताओं की टोली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। कोरोना महामारी के कारण बढ़ रही पाबंदियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 11 जनवरी से प्रदेश भर में घर घर जाकर जनसंपर्क अभियान शुरू करेगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सोमवार को बताया कि इस अभियान के तहत पार्टी के नेता …

लखनऊ। कोरोना महामारी के कारण बढ़ रही पाबंदियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 11 जनवरी से प्रदेश भर में घर घर जाकर जनसंपर्क अभियान शुरू करेगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सोमवार को बताया कि इस अभियान के तहत पार्टी के नेता और कार्यकर्ता कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए घर-घर जाएंगे। लोगों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा किसानों, श्रमिकों, महिलाओं, युवाओं के लिए किए गए कार्यों की जानकारी दी जायेगी।

उन्होंने बताया कि मंगलवार को शुरू होने वाले भाजपा के इस जनसंपर्क अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता और नेता राज्य के एक लाख 74 हजार बूथों पर घर -घर जाएंगे। पांच-पांच व्यक्तियों का समूह बनाकर भाजपा कार्यकर्ता सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में सघन संपर्क अभियान चलाएंगे। पार्टी की ओर से वोटर लिस्ट के पन्ना स्तर तक लोगों से संपर्क का कार्यक्रम बनाया गया है।

सरकार की उपलब्धियों को लोगों को बताने के लिए संपर्क टोली लोगों को सरकार की उपलब्धियों को बताने वाले पैम्पलेट ‘पूरी हुई हर आस, घर घर हुआ विकास’ भी देंगे। सिंह ने बताया कि अभियान के तहत तीन श्रेणियों में कार्यकर्ता प्रवास करेंगे। इसमें महिला संपर्क, सामाजिक संपर्क और लाभार्थी संपर्क शामिल हैं। सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों के अनुरूप टोलियां बनाई गई हैं। सभी टोलियों में चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत अधिकतम पांच कार्यकर्ता शामिल किए गए हैं। लोगों को मास्क और सैनिटाइजर का वितरण भी कार्यकर्ताओं द्वारा किया जाएगा।

पढ़ें: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह कोरोना पाॅजिटिव, कहा- मेरे संपर्क में आने वाले करवाएं टेस्ट

इसके अतिरिक्त संपर्क टोली लोगों के घरों में भाजपा के स्टीकर और झंडे भी लगाने का आग्रह करेगी। अभियान के तहत साढ़े तीन करोड़ लाभार्थियों से विशेष तौर पर सम्पर्क की योजना बनाई गई है। उन्होंने बताया कि, मकर संक्रांति के बाद सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में एलईडी रथ भाजपा सरकार की योजनाओं और गरीब कल्याण की योजनाओं, कानून व्यवस्था में सुधार, गुण्डाराज और माफियाराज की समाप्ति, महिलाओं-बेटियों की सुरक्षा के लिए किए गए कार्यों, गरीब, वंचित कल्याण की योजनाओं के बारे में जानकारी देकर लोगों को भाजपा के पक्ष में वोट डालने की अपील करेंगे। सभी सांसद, विधायक, मंत्री, सभी जनप्रतिनिधि और पार्टी के पदाधिकारी इस जनसंपर्क अभियान का हिस्सा बनेंगे।

संबंधित समाचार