हल्द्वानी: ठंड में खुले आसमान के नीचे फेंका नवजात बच्चा
हल्द्वानी, अमृत विचार। महज एक दिन के नवजात बच्चे को कोई खुले मैदान में फेंक गया। बच्चा ठंड से रोया तो आस-पास के लोगों को पता लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्चे को सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया है। जहां उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। ये वाक्या सुबह करीब नौ …
हल्द्वानी, अमृत विचार। महज एक दिन के नवजात बच्चे को कोई खुले मैदान में फेंक गया। बच्चा ठंड से रोया तो आस-पास के लोगों को पता लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्चे को सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया है। जहां उसकी हालत ठीक बताई जा रही है।
ये वाक्या सुबह करीब नौ बजे का है। बताया जाता है कि बरेली रोड स्थित पुरानी आईटीआई के पास एक खाली मैदान है। सुबह लोग वहां से गुजर रहे थे तो एक बच्चे के रोने की आवाज सुनी। कुछ लोगों ने तो इसे अनसुना कर दिया, लेकिन कुछ लोग आवाज सुनकर रुक गए।
आवाज किसी पैदा हुए बच्चे के जैसी लग रही थी। लोग आवाज की दिशा की ओर गए तो देखा कि मैदान में कपड़े से लिपटा एक बच्चा पड़ा था और वह बुरी तरह रो रहा था। आनन-फानन में लोगों ने इसकी सूचना मंडी चौकी पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई और बच्चे को तुरंत इलाज के लिए सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय भेजा। इस मामले में पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच की बात कह रही है। फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
दर्जनों लोग गोद लेने पहुंच गए बच्चा
हल्द्वानी। नवजात एक लड़का है और जब लोगों को पता लगा कि बच्चा स्वस्थ है और उसे पुलिस ने सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया तो एक-एक कर लोग अस्पताल पहुंचने लगे। दर्जनों लोगों ने बच्चे को गोद लेने की मंशा जताई, लेकिन कानूनी अड़चन के चलते यह संभव नहीं था।
नहीं पता लगा किसने फेंकी थी बच्ची
हल्द्वानी। ऐसा ही एक मामला करीब एक माह पहले का है। कोई आरएफसी बरेली रोड के पास नवजात बच्ची फेंक गया। बच्ची को एक कुत्ता अपने जबड़े में दबा कर ले जा रहा था, तब लोगों ने देखा। बच्ची पुलिस को मृत अवस्था में मिली। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज है, लेकिन अभी तक बच्ची फेंकने वाले पकड़े नहीं गए।
