रुद्रपुर: निविदा को अयोग्य घोषित करने पर अधीक्षण अभियंता को मिली धमकी
रुद्रपुर, अमृत विचार। निविदा को अयोग्य घोषित करने पर लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पीड़ित अभियंता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता महिपाल सिंह रावत ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पांच …
रुद्रपुर, अमृत विचार। निविदा को अयोग्य घोषित करने पर लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पीड़ित अभियंता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता महिपाल सिंह रावत ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पांच जनवरी को केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि के अंतर्गत नगला-किच्छा राज्य मार्ग संख्या-44 (किच्छा पंतनगर मोटर मार्ग) को दो लेन पेव्ड शोल्डर सहित चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य की निविदा के तकनीकी मूल्यांकन में निर्धारित निविदा समिति के द्वारा मैसर्स एसकेवी इन्फ्राटैंक, गाजियाबाद की तकनीकी निविदा को अयोग्य घोषित किया गया था।
तकनीकी निविदा अयोग्य घोषित होने के बाद एक मोबाइल नंबर से उनके पास फोन आया और फर्म का अधिकृत व्यक्ति बताकर अपना नाम सुनील कुमार बताया। साथ ही वह व्यक्ति निविदा के लिए फर्म को योग्य किये जाने का दबाव बनाने लगा। उनके इनकार करने पर उस व्यक्ति द्वारा उन्हें धमकी दी गई। राजकीय कार्यों में बाधा डालने तथा धमकी देने के आरोप में अधीक्षण अभियंता ने पुलिस से शिकायत की है। मामले में पुलिस ने सुनील कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
