रुद्रपुर: पति-पत्नी कर रहे थे अवैध हथियारों की तस्करी, पुलिस ने दबोचा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किच्छा/रुद्रपुर, अमृत विचार। चुनाव के मद्देनजर शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है। उत्तराखंड -उत्तर प्रदेश की सीमा पर पुलभट्टा थाना पुलिस द्वारा बैरियर स्थापित कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के दिशा निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस क्षेत्राधिकारी …

किच्छा/रुद्रपुर, अमृत विचार। चुनाव के मद्देनजर शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है। उत्तराखंड -उत्तर प्रदेश की सीमा पर पुलभट्टा थाना पुलिस द्वारा बैरियर स्थापित कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के दिशा निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस क्षेत्राधिकारी ओम प्रकाश शर्मा के पर्यवेक्षण में पुलभट्टा पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए भारी मात्रा में अवैध तमंचे व कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस ने अवैध हथियारों के आरोपी तस्कर पति-पत्नी सहित कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी राजेश पांडे ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के दिशा निर्देशों के अनुपालन में उत्तर प्रदेश को उत्तराखंड से जोड़ने वाले सभी ग्रामीण क्षेत्रों में बैरियर स्थापित कर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने यूपी से उत्तराखंड में आ रही कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम को देखकर कार चालक ने कार को रोकने के बाद वापस मोड़ते हुए भागने का प्रयास किया।

पुलिसकर्मियों ने पीछा कर कार को बॉर्डर पर ही घेर लिया। उन्होंने बताया कि कार में चालक के अलावा एक महिला व पुरुष भी सवार थे तथा तलाशी के दौरान पुलिस टीम ने कार से 10 अवैध तमंचे सहित 22 कारतूस बरामद कर कब्जे में ले लिए। थाना प्रभारी पांडे ने बताया कि बरामद किए गए अवैध तमंचे तथा कारतूसो को चुनाव के दौरान डिमांड अधिक होने के चलते महंगे दामों पर किच्छा क्षेत्र में बेचने के लिए लाया जा रहा था।

उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों वार्ड नंबर 6, मोहल्ला कागर, थाना शेरगढ़, जिला बरेली, यूपी निवासी मतलूब खान, वार्ड नंबर 1, थाना शेरगढ़, जिला बरेली, यूपी निवासी राकेश कुमार तथा कस्बा वार्ड नंबर 1, शेरगढ़, जिला बरेली, निवासी गीता देवी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज करते हुए कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

थाना प्रभारी राजेश पांडे ने बताया कि आरोपियों के पास से पुलिस ने 12 बोर के तीन तमंचे सहित 14 कारतूस, 315 बोर के सात तमंचे तथा आठ कारतूस, तीन मल्टीमीडिया मोबाइल फोन, एक कार तथा 10 हजार 700 की नगदी बरामद कर कार्यवाही शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम में थाना प्रभारी राजेश पांडे, उपनिरीक्षक अर्जुन गिरी, उप निरीक्षक नीमा बोहरा, कांस्टेबल ललित कुमार, कांस्टेबल महेंद्र सिंह, कांस्टेबल हेमा मेहता, पीआरडी राकेश कुमार आदि शामिल रहे।

चुनाव के दौरान भारी मात्रा में अवैध हथियारों के साथ तीन आरोपियों की गिरफ्तारी थाना पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

संबंधित समाचार