बाजपुर: विदेशी पक्षियों से लदी नाव पकड़ी, तस्कर फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाजपुर, अमृत विचार। वन विभाग की टीम ने विदेशी मेहमान पक्षियों से लदी नाव बरामद की है, जबकि तस्कर टीम को चकमा देकर फरार हो गए। बरामद 22 जलीय पक्षियों में से सिर्फ तीन ही जीवित बचे हैं। एक नामजद समेत फरार सभी आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत रिपोर्ट दर्ज …

बाजपुर, अमृत विचार। वन विभाग की टीम ने विदेशी मेहमान पक्षियों से लदी नाव बरामद की है, जबकि तस्कर टीम को चकमा देकर फरार हो गए। बरामद 22 जलीय पक्षियों में से सिर्फ तीन ही जीवित बचे हैं। एक नामजद समेत फरार सभी आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।

तराई केंद्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर में तैनात प्रभागीय वनाधिकारी चंद्रशेखर जोशी के निर्देशों के क्रम में वन क्षेत्राधिकारी रूप नारायण गौतम की अगुवाई में गठित वन टीम द्वारा अवैध पातन, अवैध शिकार तथा अवैध खनन की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी बीच मुखबिर से वन विभाग टीम को जलीय पक्षियों के शिकार की सूचना मिली। इस पर वन विभाग की टीम ने बौर जलाशय में एक नाव का पीछा किया। नाव में सवार तीन लोग वन कर्मियों को आता देखकर वहां से भाग निकले।

वन कर्मियों द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपी नाव झाड़ी में छुपाकर गांव की ओर भाग गए। वन कर्मियों ने नाव की तलाशी ली तो उसमें 22 जलीय पक्षी (रेड क्रस्टर्ड कोचार्ड) मिले, जिन्हें आम बोलचाल में लोग विदेशी मेहमान (साइबेरियन) के नाम से ज्यादा जानते हैं। नाव से बरामद इन पक्षियों में से सिर्फ तीन पक्षी ही जीवित मिले हैं, जिन्हें जरूरी लिखा-पढ़ी व औपचारिकताएं पूर्ण कर जीवित ही बौर जलाशय में छोड़ दिया गया।

वन रेंजर रूप नारायण गौतम ने बताया कि नाव में मृत मिले पक्षियों के शव का परीक्षण कराया जा रहा है। वन कर्मियों द्वारा पहचाने गए आरोपित ग्राम कठपुलिया गूलरभोज निवासी सुरजीत सिंह उर्फ फुली को नामजद करते हुए उसके फरार अन्य साथियों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की धरपकड़ को वन विभाग की टीम लगातार दबिश दे रही है। वन टीम में वन बीट अधिकारी अजय सिंह, राजेंद्र सिंह, वन प्रहरी खड़क सिंह आदि शामिल थे।

संबंधित समाचार