हल्द्वानी: चुनावी मोड में जमे सरकारी दफ्तरों का चुनावी मूड

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। चुनावी मोड में जमे सरकारी दफ्तरों का मूड भी चुनावी है। तभी तो सर्दियों के मौसम में भी चुनाव की गर्मी सियासी गलियारे से निकलकर आम आदमी ही नहीं बल्कि सरकारी कर्मचारियों को भी तपिश दे रही है। कर्मचारियों से लेकर अधिकारी तक चुनावी समीकरण लगाने में लगे हैं। दाज्यू हो या …

हल्द्वानी, अमृत विचार। चुनावी मोड में जमे सरकारी दफ्तरों का मूड भी चुनावी है। तभी तो सर्दियों के मौसम में भी चुनाव की गर्मी सियासी गलियारे से निकलकर आम आदमी ही नहीं बल्कि सरकारी कर्मचारियों को भी तपिश दे रही है। कर्मचारियों से लेकर अधिकारी तक चुनावी समीकरण लगाने में लगे हैं। दाज्यू हो या भुला… किसकी बनेगी सरकार और किसकी होगी हार, अपने-अपने आंकलन कर सब चुनाव की चर्चा में रमे हुए हैं।

आचार संहिता लगने के बाद सभी सरकारी विभागों में पुराने अटके कामों और शिकायतों को निस्तारित किया जा रहा है। ऐसे में ज्यादातर समय में दफ्तरों में चपरासी से लेकर, कर्मचारी, बाबू राजनीतिक पार्टियों की गुफ्तगू में मशगूल रहते हैं। चाय ब्रेक पर तमाम नेताओं की सरकार बनती और गिरती है। कोई कांग्रेस के हाथ से हाथ मिलाता नजर आता है तो कोई भाजपा का फूलों से स्वागत करता नजर आता है। कुछ आप को नया विकल्प चुनते दिखते हैं तो कोई नेताओं के कार्य से नाखुश होकर नोटा दबाने का संकल्प करते हैं।

अब नगर निगम को ही देख लो, जहां चुनावी रंग चढ़ने लगा है। यहां हर तरफ चुनावी चर्चाएं हो रही हैं। नगर निगम के पार्षद कक्ष हो या फिर अधिकारियों के चैंबर सिर्फ चुनावी चर्चा ही चल रही है। गुरुवार को सुबह नगर निगम के दफ्तरों में घोषित प्रत्याशियों की राजनीति पर बहस हो रही थी।

शहर सीट से कांग्रेस के सुमित हृदयेश और भाजपा से प्रत्याशी बनाए जाने पर जोगेंद्र रौतेला के समर्थकों के चेहरे खिले दिखे तो वहीं समर्थकों के बीच अपने-अपने नेता के गुणगान की गूंज रही कि शहर विधायक तो हमारा ही होगा। सुबह से लेकर शाम तक पार्षद कक्ष में चुनावी चर्चा चलती रही। हर कोई अपनी पार्टी की जीत दर्ज करता रहा। यही हाल, जिला उद्योग कार्यालय, तहसील, जल संस्थान, ऊर्जा निगम, रोडवेज, सिंचाई विभाग से लेकर मुक्त विश्वविद्यालय तक के दफ्तर का भी है। जहां इन दिनों राजनीतिक दलों के समर्थक पूरे दिन चुनावी चर्चा में व्यस्त नजर आ रहे हैं।

संबंधित समाचार