हल्द्वानी: कड़ाके की ठंड, पारा सामान्य से आठ डिग्री नीचे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी/नैनीताल, अमृत विचार। कड़ाके की ठंड लगातार जारी है। हल्द्वानी में शाम के समय हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई। साथ ही शीतलहर की वजह से तापमान में कमी जारी रही। मौसम विभाग के अनुसार ठंड का असर यूं ही जारी रहेगा। शहर में शनिवार को सुबह के समय धूप निकली। हालांकि शाम होने के साथ ही …

हल्द्वानी/नैनीताल, अमृत विचार। कड़ाके की ठंड लगातार जारी है। हल्द्वानी में शाम के समय हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई। साथ ही शीतलहर की वजह से तापमान में कमी जारी रही। मौसम विभाग के अनुसार ठंड का असर यूं ही जारी रहेगा।

शहर में शनिवार को सुबह के समय धूप निकली। हालांकि शाम होने के साथ ही बादल छा गए। इधर हल्की बूंदाबांदी भी शुरू हुई। यहां का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री और अधिकतम तापमन 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर तक खिली धूप से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली थी, हालांकि बाद में फिर से ठंडी हवाएं चलने लगीं और बादल छा गए। हल्द्वानी में अधिकतम तापमान सामान्य से सात से आठ डिग्री सेल्सियस कम चल रहा है।

इस वजह से यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लोग अब भी हीटर और अलाव के सहारे ठंड से बच रहे हैं। असमान्य ठंड की वजह से लोग काफी परेशान भी हैं। मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में पाला गिरते रहने का अनुमान जताया है। साथ ही मैदानी इलाकों में कोहरा भी छाया रहेगा। फिलहाल मौसम में कोई बड़ा परिवर्तन होने का अनुमान नहीं है। तीन फरवरी के बाद मौसम फिर से बदल सकता है और बारिश और बर्फबारी का मौसम बन सकता है।

सरोवर नगरी नैनीताल में शनिवार सुबह ठंडी हवा चली। हालांकि दिनभर गुनगुनी धूप राहत मिली। नगर में शनिवार को तड़के से ही तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया था जो करीब साढ़े आठ बजे तक चला, उसके बाद जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया और धूप खिलने से राहत मिलने लगी। मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी प्रताप सिंह बिष्ट के मुताबिक अधिकतम तापमान 10 तथा न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। नैनी झील नियंत्रण कक्ष के प्रभारी रमेश सिंह गैड़ा के मुताबिक झील का जलस्तर 9 फीट डेढ़ इंच पहुंच गया है।

संबंधित समाचार