हल्द्वानी: टीका लगा नहीं और आ गया मैसेज की you are been successfully Vaccinated
हल्द्वानी, अमृत विचार। कोरोना की तीसरी लहर में कोरोना टीकाकरण से काफी राहत मिली है। इस वजह से अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या कम रही। हालांकि टीकाकरण की संख्या पर सवाल उठ रहे हैं क्योंकि कुछ लोगों के मोबाइल नंबर पर बिना टीकाकरण के ही टीका लगाए जाने का संदेश भेजा जा …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कोरोना की तीसरी लहर में कोरोना टीकाकरण से काफी राहत मिली है। इस वजह से अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या कम रही। हालांकि टीकाकरण की संख्या पर सवाल उठ रहे हैं क्योंकि कुछ लोगों के मोबाइल नंबर पर बिना टीकाकरण के ही टीका लगाए जाने का संदेश भेजा जा रहा है।
कोरोना टीकाकरण के लिए कोविन एप बनाया गया है। इस एप में लोग अपना या अपने परिचित के कोरोना टीकाकरण को लेकर रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। कोवैक्सीन लगाने के बाद दूसरे टीके के लिए 28 दिनों का समय मिलता है। कोविशील्ड टीके के बाद दूसरे टीके के लिए 84 दिनों का इंतजार करना पड़ता है। दूसरे टीके के लिए टीका अवधि से पहले ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से अलर्ट संदेश भेजा जाता है।
बाद में दूसरा टीका लगने के बाद बधाई के साथ मोबाइल नंबर पर संदेश आता है। कुछ लोगों के पास बिना टीका लगाए ही उनके मोबाइल नंबर पर संदेश भेजा गया है। दमुवाढूंगा निवासी बबली ने बताया कि उसको कोविशील्ड टीके की दूसरी डोज लगनी थी, लेकिन बिना टीका लगाए ही मोबाइल नंबर पर टीका लगने का संदेश आ गया।
इधर, मुखानी चौराहा निवासी सुधीर कुमार ने बताया कि उनके पास भी बिना टीका लगाए ही टीकाकरण की पहली डोज लगने का संदेश आ गया। ऐसे में टीकाकरण की संख्या पर से सवाल उठ रहे हैं। जहां तक टीकाकरण की बात है तो स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि उसने उत्तराखंड में वयस्कों को कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज के 90 प्रतिशत टीके लगा दिए हैं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय शर्मा ने कहा कि ऐसा नहीं हो सकता है कि बिना टीका लगाए हुए ही किसी के पास टीका लगाने का संदेश चला जाए। कहा कि अगर कोई तकनीकी कारण से ऐसा हुआ तो मामला देखा जाएगा।
