बरेली: बच्चों के विवाद में चक्की संचालक को पीटा, लहूलुहान
बरेली,अमृत विचार। मेहमानों की कार खड़ी करवाने के पीछे पड़ोसियों के बच्चों ने आटा चक्की संचालक के बेटे की पिटाई लगा दी। बीचबचाव कर चक्की संचालक ने बच्चों को घर भेज दिया। देर शाम पड़ोसियों ने चक्की संचालक पर रॉड व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में वे बुरी तरह लहूलुहान हो गए। उन्हें …
बरेली,अमृत विचार। मेहमानों की कार खड़ी करवाने के पीछे पड़ोसियों के बच्चों ने आटा चक्की संचालक के बेटे की पिटाई लगा दी। बीचबचाव कर चक्की संचालक ने बच्चों को घर भेज दिया। देर शाम पड़ोसियों ने चक्की संचालक पर रॉड व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में वे बुरी तरह लहूलुहान हो गए।
उन्हें बचाने आए परिवार के दो और लोग भी मारपीट में घायल हुए हैं। घायल की तहरीर पर इज्जतनगर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास में रिपोर्ट दर्ज की है।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के परतापुर जीवन सहाय निवासी राशिद अपने घर में ही आटा चक्की चलाते हैं। उनके बेटे रहीस खां ने बताया कि सोमवार को उनके घर कुछ मेहमान आए थे जिनकी कार खड़ी करवाने के लिए उनके चाचा हमीम खां का 13 वर्षीय बेटा समीर पड़ोस में गया था। उसी समय पड़ोसी शमशाद व अख्त्यार खां के चार बच्चों ने विरोध कर समीर से मारपीट शुरू कर दी।
चक्की पर मौजूद उनके पिता राशिद खां ने सभी बच्चों को डांटकर झगड़ा शांत करा दिया। पड़ोसियों के बच्चों ने घर जाकर चक्की संचालक के उन्हें डांटने की बात कही। इससे गुस्साए शमशाद खां, अख्त्यार खां, आमिर उर्फ कड्डन व मिसरयार खां देर शाम करीब 7:30 बजे चक्की पर पहुंचे। राशिद खां को बाहर खींचकर उन पर लोहे की रॉड व लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
शोर सुनकर राशिद का भाई हमीद व भतीजा सगीर घर के बाहर पहुंचे और उन्हें बचाने का प्रयास किया। आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया और तीन लोगों को लहूलुहान कर दिया। मौके पर स्थानीय लोगों को आता देख आरोपी चक्की संचालक व अन्य परिजनों को जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
आनन-फानन में परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा जहां घायल राशिद खां के सिर में छह टांके आए हैं। उनके जबड़े में फ्रैक्चर हुआ है। तीनों घायलों का जिला अस्पताल में गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। घायल चक्की संचालक की तहरीर पर इज्जतनगर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है।
ये भी पढ़ें-
बरेली: लाइसेंस स्टाल का, ट्रेन में यात्रियों को बेच रहे थे सामान
