हल्द्वानी: एचपी कंपनी ने बिना अनुमति के खोद दीं सड़कें
यतीश शर्मा, अमृत विचार, हल्द्वानी। गैस पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़कों को खोदने का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। गैस पाइप लाइन डालने वाली कंपनी के कर्मचारी खोदाई के बाद सड़क को यूं ही छोड़कर चले जाते हैं। इसके कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर, गौर …
यतीश शर्मा, अमृत विचार, हल्द्वानी। गैस पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़कों को खोदने का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। गैस पाइप लाइन डालने वाली कंपनी के कर्मचारी खोदाई के बाद सड़क को यूं ही छोड़कर चले जाते हैं। इसके कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर, गौर करने वाली बात यह है कि नगर निगम और लोनिवि ने गैस कंपनी को सड़कों की खोदाई की अनुमति नहीं दी है।
शहर भर में गैस पाइप लाइन डालने के लिए एचपी कंपनी के मजदूर सड़कों के दोनों ओर खोदाई का काम कर रहे हैं। वैसे तो कंपनी के मजदूरों को खोदाई के बाद सड़क की मिट्टी को समतल करना चाहिए लेकिन मजदूर ऐसा नहीं कर रहे हैं। इसके कारण लोगों को ऊबड़-खाबड़ सड़कों से होकर गुजरना पड़ रहा है।
ऊबड़-खाबड़ सड़कों से आवागमन करने के करण राहगीर और दोपहिया सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। शहर के अंबिका नगर, हीरानगर, लालडांठ समेत एक दर्जन स्थानों पर लोग परेशान हैं। इस वजह से शहर में लंबा जाम भी लग रहा है। इधर, जानकारी मिली है कि सड़क खोदाई की अनुमति के बिना ही यह काम किया जा रहा है। संबधित विभाग नगर निगम और लोनिवि दोनों के अधिकारियों ने अनुमति देने की बात से इंकार किया है। दोनों विभागों के अधिकारियों का कहना है कि कंपनी से इस मामले में कोई बात नहीं हुई है। हालांकि एचपी कंपनी के परियोजना प्रबंधक अभिषेक का कहना है कि विभागों की ओर से अनुमति दी गई है। हालांकि जब उनसे अनुमति पत्र दिखाने की बात कह गई तो उन्होंने साफ मना कर दिया।
जल संस्थान की पाइप लाइन तोड़ने पर रद हुई थी अनुमति
हल्द्वानी। पिछले साल नवंबर में एचपी कंपनी ने गैस पाइप लाइन डालने के दौरान कई स्थानों पर जल संस्थान की मुख्य पाइप लाइन को ही तोड़ दिया था। इस वजह से लोगों को कई दिनों तक पेयजल किल्लत से जूझना पड़ा था। बाद में प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद कंपनी को काम बंद करने को कहा गया था।
दीपावली पर गैस कंपनी ने हमारी शर्तो का उल्लंघन किया। इसके बाद अनुमति रद कराई गई। मानक के विपरीत कार्य कराने वाले अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज भी कराई गई। अभी तक कंपनी ने पुन: अनुमति के लिए आवेदन नहीं किया है।
-गौरव भसीन, सहायक नगर आयुक्त
कालाढूंगी रोड पर गैस पाइप लाइन डालने का कार्य होना है। उसके लिए भी हमने अभी मना कर रखा है। यदि गैस कंपनी के कर्मचारी हमारी रोड पर बिना अनुमति के कार्य कर रहे हैं तो इसे दिखवाया जाएगा और बिना अनुमति के कार्य करने पर उनके खिलाफ दंडात्मक कार्यवाही कराई जाएगी।
-अशोक चौधरी, अधिशासी अभियंता लोनिवि
गैस पाइप लाइन के लिए सड़कों की खोदाई की अनुमति है। यदि अनुमति नहीं होती तो संबंधित विभाग के अधिकारी कार्य रुकवा देते। अधिकारी यदि अनुमति न होने की बात कह रहे हैं तो वह गलत जानकारी दे रहे हैं।
-अभिषेक, परियोजना प्रबंधक, एचपी कंपनी
