हल्द्वानी: बैक हुआ डंपर, चपेट में आए चालक की मौत
हल्द्वानी, अमृत विचार। बैक हुए डंपर की चपेट में आए एक दूसरे डंपर चालक की मौत हो गई। आनन-फानन में साथी चालक मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वार्ड 24 गफूर बस्ती बनभूलपुरा निवासी सोनू (30) पुत्र मो.फारुख डंपर चालक है और लाइन नंबर17 में रहने …
हल्द्वानी, अमृत विचार। बैक हुए डंपर की चपेट में आए एक दूसरे डंपर चालक की मौत हो गई। आनन-फानन में साथी चालक मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
वार्ड 24 गफूर बस्ती बनभूलपुरा निवासी सोनू (30) पुत्र मो.फारुख डंपर चालक है और लाइन नंबर17 में रहने वाले इमरान का डंपर चलाता है। घर में पत्नी व दो बच्चे हैं। सोनू आज गौला नदी से रेता भरने के लिए डंपर इंद्रानगर गेट पर लेकर गया था। यहां अन्य डंपरों की लाइन में उसने अपना डंपर भी खड़ा दिया। रेता भरने के लिए अभी वक्त था। ऐसे में सोनू पानी लेकर अपने डंपर का शीशा और बोनट साफ करने लगा। इसी बीच बगैर चालक के खड़ा आगे वाला डंपर बैक हो गया और सोनू दो डंपरों के बीच कुचला गया। यह देख वहां हड़कंप मच गया।
आननफानन में वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह सोनू को डंपरों के बीच से बाहर निकाला और इलाज के लिए सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान कुछ घंटे बाद उसकी मौत हो गई। बनभूलपुरा थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने घटना की जानकारी से इंकार किया है।
