गरमपानी: लोहाली तक रसोई गैस आपूर्ति की कवायद शुरू
गरमपानी, अमृत विचार। अल्मोड़ा भवाली राजमार्ग से सटे तमाम गांवों में रसोई गैस की आपूर्ति सुचारू करने की कवायद तेज हो गई है। लोनिवि के सहायक अभियंता के अनुसार लोडर मशीन की मदद से रोड को दुरुस्त करने का अभियान शुरु कर दिया गया है। गैस गोदाम बेतालघाट के प्रभारी ने भी मार्ग दुरुस्त होते …
गरमपानी, अमृत विचार। अल्मोड़ा भवाली राजमार्ग से सटे तमाम गांवों में रसोई गैस की आपूर्ति सुचारू करने की कवायद तेज हो गई है। लोनिवि के सहायक अभियंता के अनुसार लोडर मशीन की मदद से रोड को दुरुस्त करने का अभियान शुरु कर दिया गया है। गैस गोदाम बेतालघाट के प्रभारी ने भी मार्ग दुरुस्त होते ही जल्द गांव में आपूर्ति सुचारु करने का दावा किया है।
लोहाली, धारी, उल्गोर, आटावृता, रुपसिंह धूरा, छियोड़ी आदि तमाम गांवों में बीते वर्ष अक्टूबर में आई आपदा के बाद से मोटर मार्ग के जगह-जगह बदहाल होने से गांवों में रसोई गैस की आपूर्ति ठप हो गई। मजबूरी में ग्रामीणों को गांव से दस किमी दूर हाईवे पर स्थित चमड़िया क्षेत्र गैस लेने को आवाजाही करनी पड़ रही है। ग्रामीणों को हो रही दिक्कतों से निजात दिलाने को अब लोनिवि तथा गैस विभाग ने संयुक्त रुप से प्रयास शुरु कर दिए हैं।
लोनिवि के सहायक अभियंता सुरेश चंद्र के अनुसार लोडर मशीन से मोटर मार्ग को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। दावा किया है कि जल्द मार्ग दुरुस्त कर लिया जाएगा। गैस गोदाम बेतालघाट के प्रबंधक पंकज ज्याला के अनुसार गांवों में आपूर्ति को प्रयास तेज कर दिए गए हैं। लोनिवि के अधिकारियों से भी संपर्क साधा जा रहा है। वाहन गांव तक पहुंच सके इसके लिए गंभीरता से कार्य किया जाएगा।
