बाजपुर: पहली पत्नी के होते दूसरी शादी करने पर पति के खिलाफ रिपोर्ट
बाजपुर, अमृत विचार। एक व्यक्ति ने पहली पत्नी के होते हुए उसे बताये बिना दूसरी शादी कर ली। पीड़िता ने पति पर प्रताड़ित करने व उसे बताए बिना ही दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने न्यायालय के आदेशों के क्रम में आरोपी पति के खिलाफ रिपोर्ट …
बाजपुर, अमृत विचार। एक व्यक्ति ने पहली पत्नी के होते हुए उसे बताये बिना दूसरी शादी कर ली। पीड़िता ने पति पर प्रताड़ित करने व उसे बताए बिना ही दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने न्यायालय के आदेशों के क्रम में आरोपी पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
वार्ड नंबर-एक केलाखेड़ा निवासी नसरीन पुत्री स्व. अनवार हुसैन ने तहरीर में कहा है कि उसका निकाह 4 फरवरी 2013 को ग्राम हरेदा थाना अजीमनगर जिला रामपुर (उप्र) निवासी लईक उर्फ गुड्डू पुत्र रफीक के साथ मुस्लिम रीतिरिवाज के अनुसार हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा तथा शुरू से ही उसका व्यवहार क्रूरता पूर्ण रहने लगा। लईक उसे लगातार दूसरी शादी करने की धमकी देता रहा।
एक दिन उसने मारपीट कर नसरीन को धक्के देकर घर से निकाल दिया। नसरीन के अनुसार उसने परिवार न्यायालय में भी दावे का वाद दायर कर रखा है, जोकि अभी विचाराधीन है। पीड़िता का आरोप है कि लईक ने उसकी सहमति के बिना ही 4 फरवरी 2021 को ग्राम नाखूनका थाना डिलारी तहसील ठाकुरद्वारा जिला मुरादाबाद (उप्र) निवासी तमन्ना से निकाह कर लिया है। जानकारी होने के बाद जब उसने इस बारे में आरोपी से बात की तो उसने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ता का यह भी आरोप है कि उसने थाना केलाखेड़ा व इसके पश्चात सीओ बाजपुर व एसएसपी ऊधमसिंह नगर को लिखित शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। वहीं पुलिस ने न्यायालय के आदेशों के क्रम में 16 फरवरी की देर सायं नामजद आरोपी लईक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है
