किच्छा: युवक का शव मिलने से सनसनी, शरीर पर चाकू के वार के निशान मिले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किच्छा, अमृत विचार। पुलभट्टा थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक पर कई बार चाकू से वार करते हुए उसकी निर्मम हत्या की गई थी। मौके से गुजर रही ग्रामीण महिला द्वारा शव देखे जाने के बाद मौके पर ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। ग्रामीणों की …

किच्छा, अमृत विचार। पुलभट्टा थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक पर कई बार चाकू से वार करते हुए उसकी निर्मम हत्या की गई थी। मौके से गुजर रही ग्रामीण महिला द्वारा शव देखे जाने के बाद मौके पर ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलभट्टा थाना पुलिस सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा उसकी शिनाख्त कराने के काफी प्रयास किए गए, परंतु कोई सफलता नहीं मिली। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्यवाही शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार पुलभट्टा थाना अंतर्गत ग्राम बरा चौकी क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित मंदिर के निकट झाड़ियों में युवक का शव पड़े होने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके से गुजर रही महिला द्वारा युवक का शव देखे जाने के बाद अन्य ग्रामीणों को घटना से अवगत कराया गया। झाड़ियों में करीब 30 वर्षीय युवक का शव मिलने की सूचना पर तमाम ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी ओम प्रकाश शर्मा व पुलभट्टा थाना प्रभारी राजेश पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया।

इस दौरान पुलिस ने मृतक युवक की तलाशी लेते हुए उसकी शिनाख्त करने का भी प्रयास किया, लेकिन मृतक के पास कोई भी दस्तावेज नहीं होने के कारण मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई। मृतक ने पेंट तथा शर्ट पहनी हुई है एवं मृतक के पास से बरामद थैले से पुलिस ने शराब की 3 बोतल सहित एक छोटे बच्चे की जैकेट बरामद कर कब्जे में ले ली। घटना की सूचना पर एसपी सिटी ममता बोहरा भी मौके पर पहुंच गई और मौका मुआयना करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

मृतक के पेट, गले तथा पीठ पर चाकुओं से कई वार कर हत्यारों द्वारा निर्मम तरीके से उसकी हत्या की गई थी। पुलिस क्षेत्राधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने आशंका जताते हुए कहा कि घटनास्थल पर मृतक का खून बरामद नहीं होने से इस बात की संभावना है कि हत्यारों ने किसी अन्य क्षेत्र में युवक की हत्या करने के बाद उसके शव को मौके पर फेंक दिया और फरार हो गए। उन्होंने बताया कि फिलहाल पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों से गुमशुदा हुए लोगों की सूची एकत्रित कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

संबंधित समाचार