बागेश्वर: ग्रामीणों की शिकायत पर खान पर मारा छापा
बागेश्वर, अमृत विचार। ग्रामीणों की शिकायत पर राजस्व उप निरीक्षक आरसी आर्या ने ढूंगा में चल रही खान का निरीक्षण किया तो कई कमियां पाई गई। कौशल्या नदी में मलबा पाया तो कई स्थान पर खान क्षेत्र से बाहर खनन करना पाया गया। राजस्व उपनिरीक्षक ने कहा है कि रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। जिसके …
बागेश्वर, अमृत विचार। ग्रामीणों की शिकायत पर राजस्व उप निरीक्षक आरसी आर्या ने ढूंगा में चल रही खान का निरीक्षण किया तो कई कमियां पाई गई। कौशल्या नदी में मलबा पाया तो कई स्थान पर खान क्षेत्र से बाहर खनन करना पाया गया। राजस्व उपनिरीक्षक ने कहा है कि रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। जिसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
ढूंगापाटली के ग्रामीण व ग्राम प्रधान लंबे समय से ढूंगा में रात में जेसीबी चलाने व कौशल्या नदी को प्रदूषित करने की शिकायत कर रहे थे। जिस पर उपजिलाधिकारी व खान विभाग के अधिकारियों के निर्देष पर राजस्व उपनिरीक्षक आरसी आर्या व खान विभाग के कर्मचारियों ने खान का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने कहा कि खान मालिक रात तक जेसीबी चला रहे हैं जिससे उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, जांच टीम ने पाया कि कौशल्या नदी में भारी मात्रा में मलबा डाला गया है, जिससे नदी प्रदूषित हो रही है। इसके अलावा खान क्षेत्र में अन्य कमियां पाई गई। इधर, जांच दल के समक्ष ग्रामीणों व खान मालिक के बीच समझौता हुआ। तय हुआ कि खान मालिक नदी में डाला गया मलबा हटाएगा शाम के बाद जेसीबी नहीं चलाएगा। इस मामले में राजस्व उपनिरीक्षक ने बताया कि वह जांच रिपोर्ट को उच्चाधिकारियों को सौंपेंगे। इसके बाद उनके स्तर से ही कार्रवाई होगी।
जांच पर ग्रामीणों की नजर
बागेश्वर। ढूंगा में नियमों को ताक में रखकर अवैध खनन व नदी प्रदूषित करने का मामला काफी तूल पकड़ गया था जिस पर इसकी प्रशासन ने जांच कराई। अब जांच टीम का कहना है कि इसे उच्चाधिकारियों को सौंपा जाएगा उन्हीं के स्तर से कार्रवाई की जाएगी। अब विभिन्न संगठनों व ग्रामीणों की नजर कार्रवाई पर टिकी है। ग्रामीणों ने बताया कि कई लोगों ने जांच की वीडियो बनाई है जिसमें धरातल पर स्थिति स्पष्ट है। अब देखना है कि इस पर क्या कार्रवाई होती है।
प्रशासन के निर्देष पर संयुक्त टीम ने खान क्षेत्र का दौरा किया, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है इसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
– लेखराज, जिला खान अधिकारी
