काशीपुर: वसूली अभियान पर पलीता लगा रहे उपभोक्ताओं के चेक
काशीपुर, अमृत विचार। ऊर्जा निगम के कुछ उपभोक्ता धनराशि नहीं होने वाले बैंक खाते के चेक थमाकर वसूली अभियान पर पलीता लगाने में लगे हैं। करीब तीन महीने में 31 लाख से अधिक के 90 चेक बाउंस हुए हैं। अब विभाग ऐसे उपभोक्ताओं से एक वर्ष तक चेक नहीं लेगा और बकाया बिजली बिल के …
काशीपुर, अमृत विचार। ऊर्जा निगम के कुछ उपभोक्ता धनराशि नहीं होने वाले बैंक खाते के चेक थमाकर वसूली अभियान पर पलीता लगाने में लगे हैं। करीब तीन महीने में 31 लाख से अधिक के 90 चेक बाउंस हुए हैं। अब विभाग ऐसे उपभोक्ताओं से एक वर्ष तक चेक नहीं लेगा और बकाया बिजली बिल के साथ पेनाल्टी भी वसूलेगा। शीघ्र बकाया जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के घर की बिजली भी काटी जा सकती है।
दरअसल यूपीसीएल मुख्यालय की ओर से काशीपुर विद्युत वितरण खंड को बकाया राजस्व वसूलने का मासिक रूप से लक्ष्य दिया गया है। निगम अधिकारियों ने अपने अधीनस्थों को बकाया वसूली में तेजी लाने और बकाया जमा नहीं करने पर उपभोक्ता के कनेक्शन काटने के निर्देश हैं। एसडीओ और जेई बकाया वसूलने में जीतोड़ मेहनत कर रहे हैं।
कर्मचारी बकाया बिजली बिल जमा नहीं करने वालों के कनेक्शन भी काट रहे हैं। इस बीच कई बकायेदार उपभोक्ताओं ने कनेक्शन कटने से बचने के लिए कर्मचारियों को चेक थमा दिए, जो बैंक में लगाने पर धनराशि के अभाव में बाउंस हो गए।
दिसंबर 2021 में करीब 18 लाख के करीब 45 चेक, जनवरी 2022 में करीब 8 लाख 26 हजार 494 रुपये के 28 चेक और फरवरी में अब तक 5 लाख 18 हजार 965 रुपये के 17 चेक बाउंस हुए हैं। इससे पूर्व नवंबर 2021 में करीब नौ लाख के 17 चेक बाउंस हो चुके हैं। इसके चलते उपभोक्ता ने अपना कनेक्शन कटने से तो बचा लिया लेकिन विभाग का सिर दर्द बढ़ा दिया है। अधिकारी ऐसे उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिल के साथ चेक बाउंस का चार्ज शीघ्र जमा करने के निर्देश दे चुके हैं। ऐसा नहीं करने पर उपभोक्ताओं का कनेक्शन कट सकता है।
दिसंबर से अब तक करीब 31 लाख के चेक बाउंस हुए हैं। विभाग ऐसे उपभोक्ताओं से बिजली बिल के साथ चेक बाउंस की पेनाल्टी वसूल रहा है। ऐसे उपभोक्ताओं से एक वर्ष तक चेक नहीं लिए जाएंगे। बकाया जमा नहीं करने वालों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं।
– मदनलाल, सहायक अभियंता (राजस्व), विद्युत वितरण खंड, काशीपुर
