हल्द्वानी: तलाक, तलाक, तलाक कहा और धक्के मार कर निकाल दी बीवी
हल्द्वानी, अमृत विचार। ससुरालियों ने बहू को बाइक के लिए प्रताड़ित किया और पति ने तलाक, तलाक, तलाक कहकर पत्नी को एक जोड़ी कपड़े में घर से धक्के मार कर बाहर निकाल दिया। पीड़िता ने बनभूलपुरा पुलिस को तहरीर देकर देवर पर अश्लीलता करने का आरोप भी लगाया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपियों …
हल्द्वानी, अमृत विचार। ससुरालियों ने बहू को बाइक के लिए प्रताड़ित किया और पति ने तलाक, तलाक, तलाक कहकर पत्नी को एक जोड़ी कपड़े में घर से धक्के मार कर बाहर निकाल दिया। पीड़िता ने बनभूलपुरा पुलिस को तहरीर देकर देवर पर अश्लीलता करने का आरोप भी लगाया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा ली है।
लाइन नंबर सात निवासी वारीशा की शादी 14 मई 2021 को ताज मस्जिद नई बस्ती बनभूलपुरा निवासी अब्दुल कादिर से हुई थी। वारीशा की मानें तो शादी में मिले उपहार से ससुराली खुश नहीं थे। मायके से बाइक लेकर आने को लेकर प्रताड़ित करने लगे। पति अब्दुल कादिर पर सुसर मो. यासीन, सास मुसईयादा, ननद साबिया, सोफिया और देवर सादिक तीन तलाक देने का दबाव बनाने लगे। इसके बाद पति ने पत्नि को तलाक देकर घर से निकाल दिया।
वारीशा गर्भवती हो गई और जब इस बात की जानकारी ससुरालियों को हुई तो उक्त लोग मेरे ऊपर गर्भपात कराने का दबाव डालने लगे। कहने लगे कि बच्चा तब तक नही होने देंगे जब तक तेरे मायके वाले हमें मोटर साइकिल नहीं देते। गर्भपात से इंकार पर वारीशा के साथ मारपीट की गई।
बीती 23 फरवरी वारीशा का पति घर आया और वारीशा के बनाए खाने में कमियां निकाल कर गाली-गलौच करने लगा। तभी सास-सुसर पति से तलाक देने को कहने लगे और कहा कि वह उसकी शादी कहीं और करा देंगे। इसके बाद पति अब्दुल कादिर ने तीन बार तलाक-तलाक-तलाक कह दिया और एक जोड़ी कपड़े में धक्के मार कर घर से बाहर निकाल दिया, जबकि वह आठ माह की गर्भवती थी। वारीशा ने देवर पर अश्लीलता का आरोप लगाया है। इस मामले में बनभूलपुरा पुलिस ने वारीशा की तहरीर पर सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
देवर की शिकायत पर उल्टा भड़क गया पति
हल्द्वानी। देवर सादिक पर उसकी भाभी वारीशा ने गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि पति के काम पर जाते ही देवर कमरे में आकर अश्लील हरकत करने लगता। यह सिलसिला जब लगातार होने लगा तो वारीशा ने एक दिन इसकी शिकायत अपने पति से कर दी, लेकिन उसे यकीन नहीं हुआ और वह उल्टा वारीशा पर भड़क गया। जिससे देवर का हौसले बढ़ गए।
बोले, रिपोर्ट लिखाई तो जान से मार देंगे
हल्द्वानी। वारीशा का आरोप है कि पति के तीन तलाक देने के बाद पति और ससुरालियों ने धमकी दी कि अगर उसने रिपोर्ट लिखाई तो वह वारीशा को जान से मार देंगे। घर से निकालने जाने के बाद ससुरालियों ने वारीशा की अलमारी में रखे उसके 26 हजार रुपए और दो तोले सोने के जेवरात हड़प लिए।
