रुस-यूक्रेन युद्ध: स्लोवाकिया पहुंचे भारतीय छात्रों को नहीं मिला है फ्लाइट का शेड्यूल
रुद्रपुर, अमृत विचार। रुद्रपुर के छात्र यूक्रेन के टर्नोपिल शहर से निकलकर स्लोवाकिया के हयूमेन शहर पहुंच गये हैं। जहां उनके साथ करीब 250 अन्य भारतीय छात्र भी शामिल हैं। ह्यूमेन से इन छात्रों को दो या तीन दिन में भारत वापस लाये जाने की संभावना है। छात्र वहां भारतीय दूतावास के संपर्क में हैं …
रुद्रपुर, अमृत विचार। रुद्रपुर के छात्र यूक्रेन के टर्नोपिल शहर से निकलकर स्लोवाकिया के हयूमेन शहर पहुंच गये हैं। जहां उनके साथ करीब 250 अन्य भारतीय छात्र भी शामिल हैं। ह्यूमेन से इन छात्रों को दो या तीन दिन में भारत वापस लाये जाने की संभावना है।
छात्र वहां भारतीय दूतावास के संपर्क में हैं और उन्ही के निर्देश पर एक होटल में रुके हुए हैं। यूक्रेन में कुछ स्थानों पर बसें और ट्रेनों को शुरू कर दिया गया है। जिसके बाद भारत ने हमले की आशंका को देखते हुए अपने सभी भारतीय नागरिकों को हर हाल में तत्काल यूक्रेन छोड़ने की सलाह दी है। हालांकि कुछ छात्र यूक्रेन की राजधानी कीव व खारकीव में भी फंसे हुए हैं। इनमें रुद्रपुर की दो छात्राएं भी शामिल है। हालांकि छात्र हॉस्टलों में सुरक्षित हैं, लेकिन उनमें डर का माहौल बना हुआ है।
स्लोवाकिया से अर्श व जावेद ने बताया कि वह लोग यूक्रेन से स्लोवाकिया बॉर्डर होते हुए स्लोवाकिया के ह्यूमेन शहर आ गये हैं। जहां वे भारतीय दूतावास के संपर्क में है। अभी उन्हें भारत जाने के लिए फ्लाइट का कोई शेड्यूल नहीं प्राप्त हुआ है। लेकिन अधिकारियों के अनुसार दो या तीन दिन में विमान यहां से उड़ान भर सकता है। फिलहाल वह लोग ठीक हैं। उन्होंने बताया कि उनकी रुद्रपुर की साथी छात्राएं तन्वी और प्रेरणा कीव और खारकीव में हॉस्टल में फंसी हुई हैं। वह लोग उनसे संपर्क बनाये हुए हैं और भारतीय दूतावास के अधिकारियों से भी उनको वहां से जल्द निकालने की गुजारिश कर रहे हैं।
बमबारी से खौफ में जी रहे लोग
अर्श व जावेद ने बताया कि यूक्रेन में हालात बद्तर हो गये हैं। आसमान में हर तरफ फाइटर प्लेन उड़ते नजर आ रहे हैं। जिसे देख लोग भयभीत हैं कि कब उन पर हमला हो जाये। साथ ही आसपास हो रही बमबारी से लोगों का यह डर और बढ़ता जा रहा है। वहीं रूस के खिलाफ जंग में यूक्रेन का हर नागरिक साथ खड़ा हो गया है।
