नैनीताल: पर्यटन सीजन के लिए लागू होगा नया ट्रैफिक प्लान
नैनीताल, अमृत विचार। आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए यातायात व्यवस्था भी दुरुस्त किए जाने की तैयारी चल रही है। इसे लेकर एसएसपी ने व्यापारियों से सुझाव मांगे हैं। ताकि जाम लगने से लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। मार्च के अंत तक नैनीताल के लिए नया ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया जाएगा। एसएसपी …
नैनीताल, अमृत विचार। आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए यातायात व्यवस्था भी दुरुस्त किए जाने की तैयारी चल रही है। इसे लेकर एसएसपी ने व्यापारियों से सुझाव मांगे हैं। ताकि जाम लगने से लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। मार्च के अंत तक नैनीताल के लिए नया ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया जाएगा।
एसएसपी पंकज भट्ट ने बुधवार को तल्लीताल थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं को परखा। साथ ही आगामी सीजन को देखते हुए पर्यटन कारोबारियों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों व टैक्सी संचालकों के साथ बैठक कर सुझाव मांगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी सीजन में यातायात प्रबंधन कर जाम की स्थिति से निपटने के पुलिस पूरा प्रयास करेगी।
इसके लिए उन्होंने व्यापारियों से सुझाव मांगे और पुलिस कर्मियों को जरूरी निर्देश भी दिए। वहीं, पर्यटन सीजन को बेहतर बनाने के लिए कारोबारियों ने एसएसपी के सामने तल्लीताल क्षेत्र में बाहरी टैक्सी चालकों द्वारा डग्गामारी करने, बिरला रोड पर सड़क किनारे वाहन पार्क से होने लगने वाले जाम, हरिनगर क्षेत्र में नशेड़ियों का जमावड़ा लगे रहने समेत आदि समस्याएं गिनाईं और उन्हें दूर करने के लिए अपने सुझाव भी दिए।
एसएसपी ने बताया कि मार्च के अंत तक नैनीताल के लिए नया ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नैनीताल निवासियों को शहर में प्रवेश करने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए नगरपालिका के साथ बैठक करने के बाद लोकल के वाहनों में टैग लगाने का काम भी किया जाएगा। शहर के भीतर वाहनों का दबाव बढ़ने और पार्किंग क्षमता फुल होने के बाद ही पर्यटक वाहनों को शहर से बाहर रोका जाएगा। मार्च में जिला प्रशासन के साथ बैठक करने के बाद आगामी पर्यटन सीजन के लिए ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया जाएगा।
इसी के साथ एसएसपी पंकज भट्ट ने तल्लीताल थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने मालखाना, कर्मचारी बैरक, मैस समेत थाने के स्वच्छता संबंधी कई इंतजाम परखे। उन्होंने एसओ रोहिताश सिंह सागर को साफ-सफाई बनाए रखने समेत अन्य अहम निर्देश दिए। इस दौरान सीओ संदीप नेगी, एसओ रोहिताश सिंह सागर, व्यापार मंडल अध्यक्ष मारुति नंदन साह, सचिव अमनप्रीत सिंह, मनोज जोशी, चंदन सिंह, गिरीश पंत, ललित जोशी, भगवान सिंह, महफूज हुसैन, सुनील कुमार, पप्पू कर्नाटक आदि मौजूद रहे।
