रुद्रपुर को जल्द मिलेगी रिंग रोड की सौगात
रुद्रपुर, अमृत विचार। शहर को जल्द ही रिंग रोड की सौगात मिलने की उम्मीद जगी है। केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इस योजना की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने का काम शुरू कर दिया है। औद्योगिक नगरी को यातायात के दबाव से निजात दिलाने वाली इस योजना …
रुद्रपुर, अमृत विचार। शहर को जल्द ही रिंग रोड की सौगात मिलने की उम्मीद जगी है। केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इस योजना की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने का काम शुरू कर दिया है। औद्योगिक नगरी को यातायात के दबाव से निजात दिलाने वाली इस योजना पर करीब 1200 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च होने की उम्मीद है। तकरीबन 21 किलोमीटर वाली इस रिंग रोड के निर्माण का काम इस साल के भीतर शुरू हो जायेगा। उत्तर प्रदेश के रामपुर व उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में ही इस रिंग रोड का निर्माण होना है, इसके चलते इस प्रोजेक्ट में लेटलतीफी नहीं होगी।
पांच साल पहले भी हुयी थी कवायद
इस प्रोजेक्ट पर पांच साल पहले भी काम शुरू हुआ था। लोक निर्माण विभाग ने इस रिंग रोड के निर्माण की कवायद शुरू की थी। तब 35 किमी लंबी रिंग रोड के निर्माण का खाका तैयार किया जा रहा था। लोनिवि ने राज्य सरकार से फिजिकल सर्वे के लिए सवा करोड़ की धनराशि मांगी थी लेकिन किन्हीं कारणों से योजना परवान नहीं चढ़ पायी थी। अब एनएचएआई ने इस प्रस्ताव को केंद्र सरकार से मंजूर कराया है।
यह होगा फायदा
01: समूचे कुमाऊं को मिलेगी रफ्तार
इस रिंग रोड के निर्माण से कुमाऊं मंडल को रफ्तार मिलेगी। अभी दिल्ली, देहरादून या उत्तर प्रदेश के शहरों में जाने वाले लोगों को रुद्रपुर शहर के बीचोंबीच से निकलना पड़ता है। तकरीबन छह किमी के सफर के लिये कम से कम 45 मिनट खर्च हो जाता है। इस रिंग रोड के निर्माण से यह दूरी दस मिनट में बिना किसी रूकावट के पूरी हो जायेगी। किच्छा, हल्द्वानी, काशीपुर, रामपुर की ओर से आने वाले वाहनों को रनथ्रू ट्रैफिक मिलेगा। इससे रुद्रपुर शहर पर तकरीबन 80 प्रतिशत यातायात का दबाव कम हो जायेगा।
02: दो राजमार्गों से होगा जुड़ाव
यह रिंग रोड रामपुर रोड पर रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहे ओवरब्रिज से पहले यूपी के टेमरी गांव से शुरू होकर शिमला पिस्तौर पर एनएच-74 पर मिलेगी। इसके बाद यह गणेशपुर होते हुए सिडकुल के बाहर जाकर एनएच-109 पर मिलेगी। इसी तरह हल्द्वानी रोड पर टांडा मोड़ से छतरपुर, धर्मपुर होते हुये भगवानपुर में एनएच-74 पर इसको जोड़ा जायेगा। यहां से डिबडिबा होते हुये फिर एनएच-109 पर जोड़ा जायेगा।
रुद्रपुर में रिंग रोड की डीपीआर तैयार कर मंजूरी के लिये भेजा जायेगा। इसके बाद भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही शुरू होगी। डीपीआर को मंजूरी मिलने के बाद ही इस कार्य को पूरा करने की अवधि तय होगी। इस साल में यह काम शुरू होने की उम्मीद है।
– योगेंद्र शर्मा, परियोजना निदेशक, एनएचएआई
