उत्तराखंड: सत्ता के करीब भाजपा पर अपनी सीट नहीं बचा पाए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देहरादून, अमृत विचार। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा सत्ता के करीब भले ही पहुंच गई हो लेकिन खटीमा विधानसभा से किस्मत आजमा रहे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी सीट नहीं बचा पाए। यहां कांग्रेस के भुवन कापड़ी 6951 वोटों से जीत गए। उत्तराखंड में अभी तक तीन सीएम हुए जिन्होंने टीम लीडर रहते हुए …
देहरादून, अमृत विचार। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा सत्ता के करीब भले ही पहुंच गई हो लेकिन खटीमा विधानसभा से किस्मत आजमा रहे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी सीट नहीं बचा पाए। यहां कांग्रेस के भुवन कापड़ी 6951 वोटों से जीत गए।
उत्तराखंड में अभी तक तीन सीएम हुए जिन्होंने टीम लीडर रहते हुए अपनी टीम को जीत दिलाने में कोई खास कारनामा नहीं किया। ऐसे पहले दिग्गज नेता भगत सिंह कोश्यारी जो उत्तराखंड की पहली अंतरिम सरकार में 30 अक्टूबर 2021 से 1 मार्च 2002 तक 123 दिनों के लिए मुख्यमंत्री रहे। भगत सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में उत्तराखंड का पहला विधानसभा चुनाव लड़ा गया। तत्कालीन सीएम कोश्यारी अपने गृह जनपद बागेश्वर की कपकोट विधानसभा से चुनाव लड़े और जीत दर्ज की। लेकिन बतौर कैप्टन वह बीजेपी को चुनाव जिताने में नाकाम साबित हुए और फिर कांग्रेस सरकार में उन्होंने बतौर नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाई।
वहीं, इन दिग्गजों में दूसरा नाम आता है बीसी खंडूड़ी का। उत्तराखंड की दूसरी विधानसभा के चौथे मुख्यमंत्री बने बीसी खंडूड़ी 8 मार्च 2007 से 23 जून 2009 तक तथा फिर 11 सितंबर 2011 से 13 मार्च 2012 तक सीएम रहे। बतौर सीएम उन्होंने कोटद्वार विधानसभा से चुनाव लड़ा और उन्हें मुंह की खानी पड़ी। इस चुनाव के बाद बीजेपी उत्तराखंड की सत्ता से बाहर हो गई। इसके बाद तीसरे दिग्गज कांग्रेस के लोकप्रिय नेता हरीश रावत का कार्यकाल भी काफी उथल पुथल भरा रहा। विजय बहुगुणा के करीब दो साल के कार्यकाल के बाद हरीश रावत 1 फरवरी 2014 से 18 मार्च 2017 तक सीएम रहे। हालांकि, इनके कार्यकाल में पहली बार उत्तराखंड की जनता ने राष्ट्रपति शासन भी दिखा।
बावजूद इसके बतौर सीएम इनको भी हार का मुंह देखना पड़ा। 2017 के चुनाव में सीएम रहते हुए हरीश रावत ने दो विधानसभाओं हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा और किच्छा से चुनाव लड़ा और इन दोनों ही विधानसभा सीटों से हरीश रावत को करारी शिकस्त मिली। जिसके बाद उत्तराखंड से कांग्रेस की सरकार विदा हो गई। ऐसे में इस बार खटीमा विधानसभा चुनाव में बतौर सीएम रहते हुए पुष्कर धामी चुनावी रण में हार गए।
