हल्द्वानी: आधी आबादी ने बरकरार रखा विधानसभा में कब्जा
कमलेश मेहता, हल्द्वानी, अमृत विचार। इस बार के चुनाव में आधी आबादी ने पिछले चुनाव के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन करते हुए विधानसभा में अपना कब्जा बरकरार रखा है। विधानसभा चुनाव-2022 के मैदान में 62 महिलाएं उतरीं, इनमें से आठ महिला प्रत्याशियों ने बहुमत से जीत दर्ज की है जबकि विधानसभा चुनाव-2017 में 69 महिला प्रत्याशी …
कमलेश मेहता, हल्द्वानी, अमृत विचार। इस बार के चुनाव में आधी आबादी ने पिछले चुनाव के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन करते हुए विधानसभा में अपना कब्जा बरकरार रखा है। विधानसभा चुनाव-2022 के मैदान में 62 महिलाएं उतरीं, इनमें से आठ महिला प्रत्याशियों ने बहुमत से जीत दर्ज की है जबकि विधानसभा चुनाव-2017 में 69 महिला प्रत्याशी मैदान में थीं और इसमें से पांच प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की थी।
इस बार के चुनाव में नैनीताल सीट से भाजपा की सरिता आर्य ने कांग्रेस के संजीव आर्य को 7881 वोटों से हराया। सोमेश्वर सीट से भाजपा से रेखा आर्य ने कांग्रेस के राजेंद्र बाराकोटी को 4962 मतों से हराया। ऐसे ही हरिद्वार ग्रामीण सीट से कांग्रेस से अनुपमा रावत ने भाजपा के स्वामी यतीश्वरानंद को 5983 वोटों से हराया है। कोटद्वार सीट से भाजपा से ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह नेगी को 1908 वोटों से हराया।
यमकेश्वर सीट से भाजपा की रेनू बिष्ट ने कांग्रेस के शैलेंद्र सिंह रावत को 7925 वोटों से तो भगवानपुर सीट से कांग्रेस की ममता राकेश ने बसपा के सुबोध राकेश को 4811 वोटों से मात दी। देहरादून कैंट से भाजपा की सविता कपूर ने कांग्रेस के सूर्यकांत धस्माना को 20938 वोटों से पराजित किया। केदारनाथ से भाजपा की शैला रानी रावत ने निर्दलीय प्रत्याशी कुलदीप सिंह रावत को 5359 मतों से हराया।
इन्होंने की थी दावेदारी
विधानसभा चुनाव-2022 में सोमेश्वर से रेखा आर्य, नैनीताल से सरिता आर्य, लालकुआं से संध्या डालाकोटी, रुद्रपुर से मीना शर्मा, पिथौरागढ़ से चंद्रा पंत, हरिद्वार ग्रामीण से अनुपमा रावत, कोटद्वार से ऋतु खंडूरी भूषण, खानपुर से कुंवरानी देव्यानी सिंह, धनौल्टी से ऊषा पंवार, भगवानपुर से ममता राकेश, जसपुर से अनीता अग्रवाल, कालाढूंगी से मंजू तिवारी, देहरादून से सविता कपूर, यमकेश्वर से रेनू बिष्ट, केदारनाथ से शैला रानी रावत समेत 62 महिलाओं ने दावेदारी की थी।
इन्हें मिली थी पिछली बार जीत
पिछले चुनाव में हल्द्वानी सीट से डॉ. इंदिरा हृदयेश, सोमेश्वर से रेखा आर्या, गंगोलीहाट से मीना गंगोला, भगवानपुर से ममता राकेश और यमकेश्वर से ऋतु खंडूड़ी ने जीत हासिल की थी।
कैबिनेट मंत्री से लेकर नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभाली
हल्द्वानी। राज्य की वरिष्ठ राजनेता रही डॉ. इंदिरा हृदयेश ने हल्द्वानी सीट से कई बार जीत दर्ज विधानसभा में कदम रखा था। कांग्रेस की सरकार होने पर कैबिनेट मंत्री बनीं तो विपक्ष में होने पर नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली। उन्होंने हल्द्वानी सीट से 2002, 2012, 2017 के विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की थी। उन्हें एक बार वर्ष-2007 के विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। पिछले साल उनका आकस्मिक निधन हो गया था।
