हल्द्वानी: अंक तालिकाओं में अब नहीं मिलेंगी खामियां
आदित्य प्रकाश पंत, अमृत विचार, हल्द्वानी। विद्यार्थियों को अब अंक तालिकाओं में होने वाली खामियों से परेशान नहीं होना पड़ेगा। इस शैक्षिक वर्ष से एक नयी व्यवस्था शुरू होने जा रही है। इसमें बोर्ड मुख्यालय द्वारा इस शैक्षिक वर्ष में अध्ययनरत विद्यार्थियों के व्यक्तिगत विवरण को सुधारने का काम युद्ध स्तर पर शुरू किया जा …
आदित्य प्रकाश पंत, अमृत विचार, हल्द्वानी। विद्यार्थियों को अब अंक तालिकाओं में होने वाली खामियों से परेशान नहीं होना पड़ेगा। इस शैक्षिक वर्ष से एक नयी व्यवस्था शुरू होने जा रही है। इसमें बोर्ड मुख्यालय द्वारा इस शैक्षिक वर्ष में अध्ययनरत विद्यार्थियों के व्यक्तिगत विवरण को सुधारने का काम युद्ध स्तर पर शुरू किया जा रहा है, ताकि अंक तालिका जारी होने के बाद किसी भी तरह की खामी को सुधारने के लिए भविष्य में भटकना न पड़े।
इस नयी व्यवस्था में उत्तराखंड विद्यालयी परिषद, रामनगर, नैनीताल ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को पंजीकरण नियमावली भेज दी है। उन्हें 9 अप्रैल तक कक्षा 9, 10, 11 और 12 के छात्र-छात्राओं के पंजीकरण में संशोधन करवाकर बोर्ड को भेजना होगा। सभी स्कूलों के प्रधानाचार्य छात्र-छात्राओं के पंजीकरण ओएमआर में संशोधन कराकर खंड शिक्षा अधिकारी को भेजेंगे, जो मुख्य शिक्षा अधिकारी को रिपोर्ट देंगे। इसके बाद 9 अप्रैल तक सभी मुख्य शिक्षा अधिकारी उत्तराखंड विद्यालयी परिषद को भेजेंगे।
संबंधित संस्थाध्यक्ष विद्यालय के मूल अभिलेखों से नामावली में अंकित समस्त प्रविष्टियों की जांच करेंगे। अगर किसी छात्र-छात्रा के नाम, पिता/माता के नाम आदि व्यक्तिगत विवरण में कोई त्रुटि मिलती है तो उसे संशोधित कर नामावली मूल तिथि तक खंड शिक्षा अधिकारियों के कार्यालय में जमा करवानी होगी। संशोधन के लिए केवल लाल स्याही का ही प्रयोग किया जाएगा। नए प्रवेश और पंजीकरण से वंचित छात्र छात्राओं की रिपोर्ट भी मुख्य शिक्षा अधिकारी को देनी होगी।
विद्यार्थियों को मिलेगी बड़ी राहत
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट पास करने के बाद अभी तक अंकतालिका में नाम आदि गलत होने की वजह से ही ज्यादा परेशान होना पड़ता था। अंकतालिका में गड़बड़ी के चलते कई बार छात्र दूसरी कक्षाओं में प्रवेश करने वंचित रह जाते हैं तो नौकरी या सरकारी कार्यों में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अंकतालिका जारी होने से पहले किसी भी त्रुटि को बोर्ड पहले ही ठीक करवाएगा।
ऐसे काम होगा
बोर्ड द्वारा भेजी गई पंजीकरण नामावली को सभी जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारी 22 मार्च तक खंड शिक्षा अधिकारियों को उपलब्ध करवाएंगे। इसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी 25 मार्च तक सभी विद्यालयों को यह नामावली भजेंगे। इसके बाद सभी विद्यालय 31 मार्च तक छात्र-छात्राओं की त्रुटि को सही करने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी को उपलब्ध करवाएंगे। खंड शिक्षा अधिकारी 5 अप्रैल तक मुख्य शिक्षा अधिकारी को संशोधित नियमावली सौपेंगे और 9 अप्रैल तक मुख्य शिक्षा अधिकारी उत्तराखंड विद्यालयी परिषद को संशोधित पंजीकरण नियमावली सौपेंगे।
उत्तराखंड विद्यालयी परिषद, रामनगर के आदेश पर पंजीकरण नियमावली को संशोधित किया जाना है। छात्र-छात्राओं के शैक्षिक विवरण में किसी तरह की खामी न हो, इसके लिये खंड शिक्षाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे दिये गये हैं।
-कुंवर सिंह रावत, मुख्य शिक्षा अधिकारी, नैनीताल
