हल्द्वानी: मेडिकल कॉलेज में रैगिंग मामले में रिपोर्ट दर्ज
हल्द्वानी, अमृत विचार। मेडिकल कॉलेज में रैगिंग प्रकरण में शनिवार को मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। कुमाऊं कमिश्नर की जांच के बाद उनके निर्देश पर हॉस्टल के सहायक वार्डन ने तहरीर दी है। पुलिस ने अब मामले की जांच शुरू कर दी है। मेडिकल कॉलेज के सहायक …
हल्द्वानी, अमृत विचार। मेडिकल कॉलेज में रैगिंग प्रकरण में शनिवार को मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। कुमाऊं कमिश्नर की जांच के बाद उनके निर्देश पर हॉस्टल के सहायक वार्डन ने तहरीर दी है। पुलिस ने अब मामले की जांच शुरू कर दी है।
मेडिकल कॉलेज के सहायक वार्डन हरप्रीत सिंह ने कोतवाली पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा कि मेडिकल कॉलेज प्रंबधन को कुछ दिन पहले वायरल वीडियो की जानकारी हुई। जिसमें संभवतः एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र एक पंक्ति में सिर झुकाकर चल रहे थे। इन सभी के बाल छोटे व हाथ पीछे की तरफ थे।
मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने उक्त वीडियो को प्रथम दृष्टया रैगिंग की श्रेणी में रखा। और मामले की जांच के लिए अनुशासन समिति और एंटी रैगिंग कमेटी आयोजित की। जिसमें किसी भी छात्र और उनके अभिभावक ने रैगिंग होने की बात नहीं कही। तहरीर के अनुसार मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरूण जोशी और सहायक वार्डन स्वयं मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल का दौरा करते रहे।
हालंकि किसी भी छात्र ने इस दौरान भी रैगिंग होने की बात नहीं की। तहरीर के अनुसार कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की जांच के बाद उनके निर्देश पर मामले को लेकर रिपोर्ट दर्ज की जाए। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अब मामले की जांच पुलिस करेगी।
मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने नहीं मानी रैगिंग की बात
हल्द्वानी। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने अपनी जांच में अभी तक रैगिंग की बात नहीं मानी है। प्रबंधन के अनुसार वह अपने स्तर पर मामले की जांच कर चुके हैं और कभी भी हॉस्टल के किसी भी छात्र ने स्वयं के साथ रैगिंग की बात नहीं की है। हालांकि अब जब कुमाऊं कमिश्नर और डीआईजी नीलेश आनंद भरणे इस मामले की जांच की नये सिरे से जांच कर रहे हैं और ही तथ्य सामने आ रहे हैं। इसलिए अब मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
दिसंबर में भी हुआ था रैगिंग का मामला
हल्द्वानी। विगत दिसंबर में भी मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का मामला सामने आया था। तब यहां सीनियर छात्रों द्वारा जूनियर छात्रों के साथ बदतमीजी किए जाने की बात सामने आई थी। हालांकि तब मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।
अब मेडिकल कॉलेज में रैगिंग के मामले को लेकर रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। अब इस मामले की जांच पुलिस करेगी। जल्द मामले की जांच करके सभी तथ्य सामने ला दिए जाएंगे।
– पंकज भट्ट, एसएसपी, नैनीताल
रैगिंग मामले में कुमाऊं कमिश्नर व अन्य ने मेडिकल कॉलेज का दौरा किया था। उनके ही आदेशानुसार मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
-डॉ. अरूण जोशी, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी
